शेनझेन में मैक्सिको की राष्ट्रपति की सुरक्षा में तैनात चीन की महिला बॉडीगार्ड सोशल मीडिया पर चर्चा में

Share

- Advertisement -

Shenzhen News: एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) शिखर सम्मेलन के लिए शेनझेन पहुंचीं मैक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम की सुरक्षा में तैनात चीन की एक महिला सुरक्षा अधिकारी सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। एयरपोर्ट पर कार के पास उनकी सतर्कता और फुर्ती का वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने उन पर ध्यान दिया। ऑनलाइन रिपोर्ट्स में उनकी संभावित पहचान ‘जू जिन’ के रूप में बताई जा रही है।

    एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए सोमवार को मैक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम चीन के शेनझेन शहर पहुंचीं। एयरपोर्ट पर उनके स्वागत और सुरक्षा के दौरान तैनात एक महिला सुरक्षा अधिकारी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

    वीडियो में यह महिला अधिकारी काले रंग की सरकारी कार के पास बेहद सतर्क नजर आ रही हैं। वह राष्ट्रपति शीनबाम के ठीक पीछे चलती दिखीं और कार का पिछला दरवाजा खोलकर उन्हें अंदर बैठाया। राष्ट्रपति के बैठने के बाद वह स्वयं कार की अगली सीट पर बैठ गईं। उनकी गंभीरता और काम करने की फुर्ती ने सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान अपनी ओर खींचा है।

    कौन हैं यह महिला सुरक्षा अधिकारी?

    साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की एक रिपोर्ट के अनुसार, चीनी अधिकारियों ने अभी तक इस महिला सुरक्षा अधिकारी की पहचान सार्वजनिक रूप से उजागर नहीं की है। हालांकि, इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारियों में उन्हें ‘जू जिन’ (Xu Jin) नाम दिया जा रहा है, जबकि कुछ यूजर्स ने उन्हें ‘यान युएशिया’ भी बताया है।

    उनकी वर्दी पर लगी नेमप्लेट की तस्वीरों और वीडियो से भी नाम की स्पष्ट पुष्टि नहीं हो सकी है। उपलब्ध रिपोर्ट्स के मुताबिक, जू जिन चीन के सार्वजनिक सुरक्षा मंत्रालय के स्पेशल सर्विस ब्यूरो से जुड़ी बताई जाती हैं। साल 2020 में चीन के सरकारी चैनल सीसीटीवी (CCTV) ने पुलिस के एक कार्यक्रम पर आधारित रिपोर्ट में जू जिन का इंटरव्यू दिखाया था, जिसमें उन्हें विदेशी मेहमानों की सुरक्षा करने वाली टीम का सदस्य बताया गया था।

    पहले भी विदेशी महिला नेताओं की सुरक्षा में दिख चुकी हैं

    ऑनलाइन रिपोर्ट्स और पुरानी तस्वीरों के आधार पर यह दावा किया जा रहा है कि यह महिला अधिकारी पहले भी कई देशों की प्रमुख महिला नेताओं और उनके परिजनों की सुरक्षा में तैनात रही हैं।

    साल 2023 में हांगझोऊ में आयोजित एशियन गेम्स के दौरान वह सीरिया की तत्कालीन प्रथम महिला अस्मा अल-असद के साथ देखी गई थीं। इसके अलावा, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की चीन यात्रा के दौरान बीजिंग के स्वागत समारोह से लेकर चेंगदू के पांडा रिसर्च सेंटर तक वह फ्रांस की प्रथम महिला ब्रिजिट मैक्रों के साथ मौजूद रहीं।

    फरवरी 2025 में थाईलैंड की तत्कालीन प्रधानमंत्री पैतोंगतार्न शिनावात्रा की चीन यात्रा के दौरान भी वह उनकी सुरक्षा में तैनात थीं। उस समय पैतोंगतार्न ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखकर सुरक्षा के लिए उनका आभार जताया था और दोबारा मिलने की उम्मीद व्यक्त की थी। इसके बाद अप्रैल में वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम की पत्नी न्गो फुओंग ली के नाननिंग स्थित गुआंग्शी म्यूजिक म्यूजियम दौरे के समय भी उन्हें सुरक्षा घेरे में देखा गया था।

    Read more

    Related News