Nainital News: उत्तराखंड के नैनीताल जिले में सात फेरों से ठीक पहले दूल्हे के शादी से इनकार करने और भागने की कोशिश के बाद हंगामा हो गया, जिसके बाद ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं, एक अन्य घटना में उधमसिंह नगर जिले के बुकसौरा गांव में 16 वर्षीय नाबालिग के विवाह की सूचना पर पुलिस ने दूल्हा और उसके परिजनों को हिरासत में लेकर केस दर्ज किया है।
नैनीताल जिले के बिंदुखत्ता क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली युवती का विवाह कालाढूंगी क्षेत्र के एक युवक से तय हुआ था। दोनों परिवारों की सहमति से विवाह की तैयारियां चल रही थीं और पिछले करीब एक साल से युवक-युवती के बीच मोबाइल पर बातचीत भी हो रही थी। गुरुवार को तय कार्यक्रम के तहत युवक बारात लेकर युवती के घर पहुंचा, जहां बारातियों का स्वागत हुआ, जयमाला की रस्म पूरी हुई और दावत का दौर भी चला।
सात फेरों के वक्त विवाद और हंगामा
जब विवाह की अहम रस्म सात फेरों की तैयारी शुरू हुई, तो दूल्हे ने अचानक शादी करने से मना कर दिया। बताया गया कि दूल्हे ने युवती पर इधर-उधर देखने का आरोप लगाया और इसी को शादी तोड़ने का कारण बताया। उसने यह भी कहा कि जबरन शादी के लिए मजबूर किया गया तो इसकी जिम्मेदारी लड़की पक्ष की होगी।
इसके बाद शादी समारोह में विवाद और अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान दूल्हा मौके से भागने लगा और हंगामा बढ़ता देख बाराती भी वहां से खिसकने लगे। गुस्साए ग्रामीणों ने दूल्हे को पकड़ लिया और पुलिस चौकी पहुंचा दिया। युवती पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि दहेज में कार की मांग पूरी न होने के कारण युवक ने ऐन वक्त पर शादी तोड़ दी। प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि दूल्हे को हिरासत में लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
उधमसिंह नगर में नाबालिग विवाह पर केस दर्ज
एक अन्य मामले में उधमसिंह नगर जिले के बुकसौरा गांव में नाबालिग से विवाह कराए जाने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। उस समय समारोह में बाराती और घराती दावत खा रहे थे तथा दूल्हा सेहरा सजाकर मंडप में रस्मों की तैयारी कर रहा था।
पुलिस को देखकर समारोह में हड़कंप मच गया। जांच के दौरान उम्र संबंधी दस्तावेजों में नाबालिग की आयु 16 वर्ष पाई गई। थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि गांव के दूल्हे भूपाल विश्वास पुत्र समीर विश्वास और उसके परिजनों को हिरासत में लेकर बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।