चंबा में अनियंत्रित होकर गहरी ढांक में गिरी पिकअप, चालक समेत दो की मौत और दो घायल

Share

- Advertisement -

Chamba News: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के पुलिस थाना खैरी के अंतर्गत राजणी गांव के समीप बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक पिकअप ट्राला अनियंत्रित होकर नाले के पास गहरी ढांक में जा गिरा। इस दुर्घटना में वाहन चालक सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के समय वाहन में कुल चार लोग सवार थे।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा बुधवार रात करीब 9:15 बजे उस समय हुआ जब पिकअप वाहन राजणी गांव से कुछ दूरी पर पहुंचा था। अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सड़क से नीचे गहरी ढांक में गिर गई। वाहन गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

स्थानीय लोगों की मदद से चला बचाव अभियान

हादसे के दौरान एक व्यक्ति किसी तरह खुद ढांक से चढ़कर सड़क तक पहुंचने में सफल रहा, जबकि अन्य तीन लोग नीचे फंसे हुए थे। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद ढांक में फंसे तीनों लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को तुरंत उपचार के लिए एनएचपीसी अस्पताल सामलेऊ पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दो लोगों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों और घायलों की पहचान

दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान पिकअप चालक सुनील कुमार (पुत्र उत्तम चंद) और करण कुमार (पुत्र कुंडू राम) के रूप में हुई है। दोनों मृतक चंबा जिले की तहसील सलूणी के डाकघर बग्गी स्थित गांव बासा के निवासी थे। वहीं, इस हादसे में अंकुश कुमार (पुत्र पवन कुमार) और सुनील कुमार (पुत्र काकू राम) घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना खैरी की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया। एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में दो लोगों की मृत्यु हुई है और दो घायल हैं।

उन्होंने बताया कि नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद मृतकों के शव परिजनों को सौंपे जा रहे हैं, जबकि दोनों घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच कर रही है। इस दुखद घटना के बाद बासा और आसपास के पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News