पाकिस्तान और दुबई के नंबरों से कॉल कर ऑनलाइन निवेश के नाम पर 13 लाख की ठगी, द्वारका साइबर थाने में मामला दर्ज

Share

- Advertisement -

Delhi News: पाकिस्तान और दुबई के विदेशी नंबरों से कॉल कर ऑनलाइन निवेश में पांच से दस गुना मुनाफे का झांसा देकर साइबर ठगों ने दिल्ली के उत्तम नगर वेस्ट निवासी एक महिला से करीब 13 लाख रुपये ठग लिए। पीड़िता की शिकायत पर द्वारका जिला साइबर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता धनेश्वरी कुमारी, जो उत्तम नगर की आनंद विहार कॉलोनी में रहती हैं, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके मोबाइल फोन पर एक लिंक वाला संदेश आया था। उस लिंक पर क्लिक करने के बाद उनके पास +92 (पाकिस्तान) और +97 (दुबई/यूएई) से शुरू होने वाले विदेशी नंबरों से कॉल आने लगे।

कॉल करने वालों ने महिला को एक ऑनलाइन निवेश वेबसाइट के बारे में जानकारी दी। ठगों ने दावा किया कि इस प्लेटफॉर्म पर निवेश की गई राशि को पांच से दस गुना तक बढ़ाया जा सकता है और निवेशक जब चाहें अपनी पूरी मूल राशि व मुनाफे को निकाल सकते हैं।

भरोसा जीतने के लिए पहले लौटाया मुनाफा, फिर ठगे 13 लाख

महिला ने वेबसाइट पर दिए गए पेमेंट लिंक के जरिए छोटी राशि निवेश करनी शुरू की। शुरुआत में 5,000 रुपये जमा करने पर ठगों ने उन्हें मुनाफे के साथ रकम वापस लौटा दी। शुरुआती रिटर्न मिलने से महिला को इस प्लेटफॉर्म पर भरोसा हो गया।

इसके बाद अधिक मुनाफा कमाने के लालच में उन्होंने अलग-अलग किस्तों में ठगों द्वारा भेजे गए क्यूआर (QR) कोड के माध्यम से करीब 13 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। रकम जमा होते ही वेबसाइट के डैशबोर्ड पर उनका कुल बैलेंस बढ़कर करीब 18 लाख रुपये दिखाई देने लगा।

पैसे निकालने की कोशिश की तो ब्लॉक कर दिया अकाउंट

जब पीड़िता ने अपने खाते से 50 हजार रुपये निकालने का प्रयास किया, तो वेबसाइट पर तकनीकी समस्या का संदेश आने लगा। कई बार कोशिश करने के बाद भी जब रकम नहीं निकली, तो उन्होंने ठगों से संपर्क किया। आरोपियों ने हर बार तकनीकी खराबी का बहाना बनाकर उन्हें टाल दिया और कुछ दिनों बाद उनका अकाउंट पूरी तरह ब्लॉक कर दिया।

ठगी का एहसास होने पर पीड़िता ने राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर द्वारका साइबर थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस संबंधित बैंक खातों और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही, पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से विदेशी नंबरों से आने वाली कॉल और लुभावने ऑनलाइन निवेश प्रस्तावों से सतर्क रहने की अपील की है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News