हमीरपुर में पेंशनर्स का धरना समाप्त, सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए विधानसभा घेराव की चेतावनी

Share

- Advertisement -

Hamirpur News: हिमाचल प्रदेश पेंशनर्ज संयुक्त संघर्ष समिति जिला इकाई हमीरपुर के बैनर तले विभिन्न 18 संगठनों के पेंशनरों ने गांधी चौक पर अपना क्रमिक धरना बुधवार को संपन्न किया। एचआरटीसी पेंशनर्ज के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अजमेर ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित इस धरने में विभिन्न विभागों और निगमों के सैंकड़ों बुजुर्ग पेंशनर सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक धरने पर बैठे रहे।

सरकार पर ठगने का आरोप, 17 सूत्रीय मांगों पर जताई नाराजगी

अजमेर ठाकुर ने इस दौरान सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश सरकार पिछले चार वर्षों से पेंशनर समाज को करोड़ों रुपये की देनदारियां देने के नाम पर सिर्फ आश्वासन दे रही है और उन्हें ठगने का काम कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि हिमाचल प्रदेश का एक लाख 90 हजार पेंशनर इस स्थिति को अब और बर्दाश्त नहीं करेगा। पेंशनर्स वर्ष 2023 से लेकर अब तक कई बार मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मिलकर 17 सूत्रीय मांग पत्र सौंप चुके हैं, लेकिन सरकार की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

प्रमुख मांगें और आर-पार की लड़ाई की चेतावनी

पेंशनरों की प्रमुख मांगों में 1 जनवरी 2016 से संशोधित पेंशन का बकाया, 13 फीसदी डीए, एचआरटीसी पेंशनरों का 18 फीसदी डीए एरियर, 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पेंशनरों के लिए 5, 10 और 15 फीसदी एरियर का भुगतान शामिल है। इसके अलावा दो स्पेशल वेतन वृद्धि का बकाया, ग्रेच्युटी, लीव एनकैशमेंट, कम्यूटेशन और 29 अक्टूबर 1999 की कॉरपोरेट सेक्टर की पेंशन अधिसूचना को बहाल करने की मांग की गई है, जिसे दिसंबर 2004 में रद्द कर दिया गया था।

अजमेर ठाकुर ने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि सरकार ने इन 18 संगठनों के कर्मचारियों और पेंशनरों की सभी देनदारियों के समाधान के लिए वार्ता शुरू नहीं की, तो 19 नवंबर को धर्मशाला के दाढ़ी मेला ग्राउंड में प्रदेशाध्यक्ष सुरेश ठाकुर के नेतृत्व में विशाल रैली निकाली जाएगी और विधानसभा का घेराव किया जाएगा।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News