वृंदावन में दयाराम बद्री केदार आश्रम का भव्य उद्घाटन, राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने की शिरकत

Share

- Advertisement -

Mathura News: श्रीधाम वृंदावन में बुधवार को नवनिर्मित दयाराम बद्री केदार आश्रम का पांच दिवसीय भव्य उद्घाटन एवं मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव अत्यंत श्रद्धा और हर्षाेल्लास के साथ शुरू हो गया है। दयाराम चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान के पहले दिन भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसके बाद मुख्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर आश्रम का शुभारंभ किया।

भव्य कलश यात्रा और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ शुभारंभ

महोत्सव का शुभारंभ प्रातः काल गाजे-बाजे के साथ निकाली गई भव्य कलश यात्रा से हुआ। इसके बाद मुख्य अतिथि हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता, पूज्य सद्गुरुदेव पूर्व प्राचार्य डॉ. राम कृपालु त्रिपाठी महाराज और विशिष्ट अतिथि बिंदु गुप्ता ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दीप प्रज्ज्वलित कर और फीता काटकर आश्रम का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह के साथ ही वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा, देव पूजन और 108 ब्राह्मणों द्वारा सहस्र चंडी पाठ का भी विधिवत आरंभ हो गया है।

वृंदावन भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी की लीला भूमि: राज्यपाल कविंदर गुप्ता

इस अवसर पर राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि श्रीधाम वृंदावन भगवान श्रीकृष्ण और उनकी आल्हादिनी शक्ति स्वरूपा श्रीराधा रानी की पावन लीला भूमि है। उन्होंने कहा कि भागवत प्रवक्ता आचार्य कमल नयन महाराज द्वारा यहां आश्रम की स्थापना किया जाना अत्यंत प्रशंसनीय कार्य है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस आश्रम द्वारा संचालित सेवा प्रकल्पों के माध्यम से विश्वभर में भारतीय वैदिक सनातन संस्कृति का परचम और अधिक मजबूती से लहराएगा।

सनातन धर्म और संस्कृति को पुनः स्थापित करने का संकल्प

सद्गुरुदेव डॉ. राम कृपालु त्रिपाठी महाराज ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आश्रम के संस्थापक अध्यक्ष ने विश्वभर में चौतरफा चुनौतियों का सामना कर रहे सनातन धर्म और भारतीय वैदिक संस्कृति को पुनः उसकी गरिमा के साथ स्थापित करने के लिए आजीवन प्रयासरत रहने का संकल्प लिया है। इस उद्घाटन समारोह और अनुष्ठान के दौरान संयोजक आचार्य युगल किशोर कटारे, आचार्य मंगेश दुबे, मीडिया प्रभारी डॉ. राधाकांत शर्मा और अंकित भैया सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News