New Delhi News: अभिनेता फरहान अख्तर ने बुधवार, 18 नवंबर को ‘रेजांग ला दिवस’ के अवसर पर 1962 के भारत-चीन युद्ध के वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने अपनी फिल्म ‘120 बहादुर’ का पोस्टर साझा करते हुए परमवीर चक्र विजेता मेजर शैतान सिंह भाटी और उनके साथियों के अदम्य साहस को नमन किया।
अभिनेता फरहान अख्तर ने 18 नवंबर को ‘रेजांग ला दिवस’ के अवसर पर वर्ष 1962 के भारत-चीन युद्ध में सर्वोच्च बलिदान देने वाले भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। फरहान ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म ‘120 बहादुर’ का पोस्टर साझा करते हुए रेजांग ला की ऐतिहासिक लड़ाई के वीर जवानों को याद किया।
उन्होंने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, “जहां ज्यादातर लोग भाग जाते, वहां वो डटे रहे। जहां ज्यादातर लोग हार मान लेते, वहां वो लड़े। उन्होंने खून से इतिहास में अपना नाम लिख दिया। रेजांग ला के वीरों को नमन।”
18 नवंबर 1962 को लड़ी गई थी रेजांग ला की ऐतिहासिक लड़ाई
उल्लेखनीय है कि हर वर्ष 18 नवंबर को ‘रेजांग ला दिवस’ मनाया जाता है। 18 नवंबर 1962 को लद्दाख के चुशुल सेक्टर स्थित रेजांग ला दर्रे पर कुमाऊं रेजिमेंट की 13वीं बटालियन की ‘चार्ली’ कंपनी तैनात थी। इस कंपनी का नेतृत्व मेजर शैतान सिंह कर रहे थे।
अत्यधिक ठंड और दुर्गम ऊंचाई पर तैनात करीब 120 भारतीय सैनिकों ने भारी संख्या में आए चीनी सैनिकों का अंतिम गोली तक डटकर मुकाबला किया। इस भीषण संघर्ष में 110 से अधिक भारतीय जवान शहीद हो गए, लेकिन उन्होंने चुशुल में चीनी सेना की बढ़त को रोकने में निर्णायक भूमिका निभाई। अदम्य साहस और नेतृत्व के लिए मेजर शैतान सिंह को मरणोपरांत देश के सर्वोच्च सैन्य सम्मान ‘परमवीर चक्र’ से सम्मानित किया गया। शहीदों की स्मृति में लद्दाख के चुशुल (रेजांग ला) और हरियाणा के रेवाड़ी में युद्ध स्मारक निर्मित किए गए हैं।
फिल्म ‘120 बहादुर’ में मेजर शैतान सिंह की भूमिका में दिखे थे फरहान
निर्देशक रजनीश ‘रैजी’ घई की युद्ध आधारित फिल्म ‘120 बहादुर’ रेजांग ला की इसी ऐतिहासिक लड़ाई पर आधारित है। फिल्म में फरहान अख्तर ने मेजर शैतान सिंह भाटी का किरदार निभाया था, जिसके लिए उनके अभिनय की व्यापक सराहना हुई। इस फिल्म में फरहान के साथ राशि खन्ना, फ्रेड चैन, अंकित सिवाच और स्पर्श वालिया सहित अन्य कलाकारों ने भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं।
प्रिंस विलियम से मुलाकात में सैफ अली खान ने साझा कीं टाइगर पटौदी से जुड़ी यादें, भारत-ब्रिटेन फिल्म सहयोग पर हुई चर्चा
Saif Ali Khan, Prince William India Visit
saif-ali-khan-meets-prince-william-discusses-tiger-pataudi-cricket
Mumbai News: ब्रिटेन के प्रिंस विलियम के मुंबई स्थित धर्मा प्रोडक्शंस कार्यालय दौरे के दौरान अभिनेता सैफ अली खान ने उनसे मुलाकात की। इस बातचीत में दोनों देशों के फिल्म उद्योगों के बीच सहयोग के साथ-साथ सैफ के पिता और पूर्व भारतीय क्रिकेटर मंसूर अली खान पटौदी के क्रिकेट करियर का भी जिक्र हुआ।
ब्रिटेन के प्रिंस विलियम अपनी तीन दिवसीय भारत यात्रा के अंतिम चरण में मुंबई स्थित धर्मा प्रोडक्शंस के कार्यालय पहुंचे, जहां फिल्म निर्माता करण जौहर, अभिनेता सैफ अली खान और अभिनेत्री करीना कपूर खान ने उनका स्वागत किया। प्रिंस विलियम भारत में छठे वार्षिक ‘अर्थशॉट प्राइज अवॉर्ड्स’ से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होने आए थे।
भारतीय और ब्रिटिश फिल्म उद्योग के बीच सहयोग पर बातचीत
मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए सैफ अली खान ने बताया कि प्रिंस विलियम के साथ उनकी चर्चा भारतीय और ब्रिटिश फिल्म उद्योग के आपसी सहयोग तथा सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने पर केंद्रित रही।
सैफ ने कहा कि ब्रिटेन लंबे समय से भारतीय फिल्मों की शूटिंग के लिए एक पसंदीदा स्थान रहा है और वहां कई हिंदी फिल्मों की शूटिंग हो चुकी है। उन्होंने यशराज फिल्म्स के एक प्रोजेक्ट का उल्लेख करते हुए उम्मीद जताई कि आने वाले समय में दोनों देशों के फिल्म उद्योग मिलकर नए प्रोजेक्ट्स पर काम करेंगे।
टाइगर पटौदी के क्रिकेट करियर का हुआ जिक्र
सैफ अली खान ने बताया कि बातचीत के दौरान उनके पिता और पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान मंसूर अली खान पटौदी (टाइगर पटौदी) के क्रिकेट करियर पर भी चर्चा हुई। चूंकि टाइगर पटौदी ने भारत और इंग्लैंड दोनों देशों में क्रिकेट खेला था, इसलिए इस विषय पर संवाद होना स्वाभाविक था।
जब पत्रकारों ने सैफ से पूछा कि क्या बातचीत में पटौदी के शाही परिवार का भी जिक्र आया, तो उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि इस विषय पर बात जरूर हुई, लेकिन उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि भारत में अब कोई राजशाही व्यवस्था नहीं है। उनके इस जवाब पर वहां मौजूद लोग मुस्कुरा उठे। इस अवसर पर ऑक्टोपस एंटरटेनमेंट के कलाकारों ने पारंपरिक परिधानों में ‘कभी खुशी कभी गम’ फिल्म के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में ‘बोले चूड़ियां’ और ‘शावा शावा’ गीतों पर नृत्य प्रस्तुति भी दी।