Rampur News: समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता आजम खां को हाई कोर्ट से जमानत मिलने के बाद उनके परिवार और समर्थकों में खुशी की लहर है। इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए आजम खां की पत्नी और पूर्व सांसद डॉ. तजीन फातिमा ने कहा कि उन्हें अल्लाह और न्यायालय पर पूरा भरोसा था कि एक न एक दिन उन्हें इंसाफ जरूर मिलेगा।
बुधवार सुबह रामपुर स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ. तजीन फातिमा ने कहा कि आज एक बार फिर हाई कोर्ट ने उन्हें इंसाफ दिया है और सच्चाई की जीत हुई है। उन्होंने कहा, “पहले भी मुझे न्यायालय से इंसाफ मिला था और आजम साहब को जेल से रिहाई मिली थी, लेकिन कुछ ताकतें नहीं चाहती हैं कि वह जेल से बाहर आएं। इसी वजह से रिहाई के 10 मिनट बाद ही उन्हें फिर से गिरफ्तार कर लिया गया था।”
ईडी की कार्रवाई और विरोधियों पर साधा निशाना
तजीन फातिमा ने जांच एजेंसी की कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि इस तरह की कार्रवाई को लेकर हाई कोर्ट ने भी काफी कुछ कहा है और यह माना है कि ईडी की कार्रवाई गलत थी। उन्होंने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि वे लंबे समय से इंसाफ के लिए लड़ाई लड़ते आ रहे हैं और आगे भी लड़ेंगे तथा जीतेंगे भी। उन्होंने कहा, “मुखालिफ (विरोधी) लोग यह सोच रहे हैं कि वे आजम खां साहब को जिंदगी भर जेल में रख लेंगे, तो वे गलत सोच रहे हैं।”
घर पर समर्थकों का तांता
हाई कोर्ट का फैसला आने के बाद से ही समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और स्थानीय समर्थकों में उत्साह का माहौल है। मंगलवार रात से ही बड़ी संख्या में लोग आजम खां के आवास पर पहुंच रहे हैं। समर्थक परिवार के सदस्यों से मिलकर उन्हें मुबारकबाद दे रहे हैं और मिठाई बांटकर अपनी खुशी का इजहार कर रहे हैं।