Muzaffarpur News: नवंबर के दूसरे पखवाड़े में मौसम के करवट लेने के साथ ही मुजफ्फरपुर शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में ठंड ने दस्तक दे दी है। बुधवार सुबह जिले में पहली बार घने कोहरे और धुंध का असर देखने को मिला। अहियापुर थाना क्षेत्र के झपहां, बखरी, पहाड़पुर और केवटसा सहित कई ग्रामीण इलाके सुबह के समय कोहरे की सफेद चादर में लिपटे नजर आए, जिससे तापमान में गिरावट के साथ कनकनी बढ़ गई है।
सुबह आंख खुलते ही ग्रामीणों को चारों तरफ घना कोहरा दिखाई दिया। केवटसा गांव के खेत-खलिहानों, पेड़ों और पगडंडियों पर जमी ओस की बूंदों और धुंध ने मनोरम दृश्य पेश किया। सुबह की सैर पर निकले स्थानीय लोगों और युवाओं ने इस प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लिया और इन दृश्यों को अपने मोबाइल कैमरे में कैद किया।
फोरलेन और ग्रामीण सड़कों पर यातायात प्रभावित
घने कोहरे का सीधा असर सड़क यातायात पर भी देखने को मिला। दृश्यता (विजिबिलिटी) काफी कम होने के कारण मुजफ्फरपुर-दरभंगा फोरलेन और विभिन्न ग्रामीण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। दुर्घटनाओं से बचने के लिए वाहन चालकों को सुबह के समय भी गाड़ियों की हेडलाइट और इंडिकेटर जलाकर बेहद सतर्कता के साथ सफर करना पड़ा।
अलाव का सहारा और रबी फसलों पर नजर
मौसम में आए इस बदलाव के बाद सुबह और शाम के समय ठंड का असर बढ़ गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में बुजुर्ग और बच्चे सुबह की धूप निकलने तक ठंड से बचने के लिए अलाव तापते नजर आए। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ सूरज की किरणों ने कोहरे की चादर को चीरना शुरू किया, जिससे लोगों को कनकनी से थोड़ी राहत मिली।
दूसरी ओर, मौसम की इस करवट के बीच किसानों की नजरें भी आसमान और तापमान पर टिकी हुई हैं। वर्तमान में रबी फसलों की बुआई का दौर चल रहा है, ऐसे में तापमान और नमी में होने वाला उतार-चढ़ाव खेती को प्रभावित कर सकता है। स्वास्थ्य के लिहाज से भी सुबह और शाम के समय बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।