हिमाचल विधानसभा के शीतकालीन सत्र में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर हंगामा, सीएम सुक्खू ने हिमकेयर योजना में फर्जी बिलों का किया खुलासा

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमकेयर योजना में कथित फर्जी बिलों का मामला उठाते हुए कहा कि योजना के तहत पुरुषों की बच्चेदानी और महिलाओं के टेस्टिकल्स के ऑपरेशन के फर्जी बिल बनाए गए हैं।

विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन विपक्ष की ओर से लाए गए स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कई बड़े खुलासे किए। उन्होंने कहा कि विपक्ष की मांग पर हिमकेयर योजना में फर्जी बिलों के मामले की एफआईआर दर्ज करवा दी गई है और फिलहाल जांच जारी है। सीएम ने भाजपा को चुनौती दी कि यदि उनके पास भ्रष्टाचार से जुड़े कोई भी ठोस तथ्य हैं, तो वे सरकार को सौंपें, ताकि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके।

पूर्व सरकार के कार्यकाल पर श्वेत पत्र और मेडिकल डिवाइस पार्क पर चर्चा

मुख्यमंत्री ने सदन में दोहराया कि पूर्व जयराम ठाकुर सरकार के कार्यकाल में हुई कथित गड़बड़ियों को उजागर करने के लिए सरकार श्वेत पत्र लाने जा रही है, जिसके लिए कैबिनेट सब कमेटी का गठन कर दिया गया है।

मेडिकल डिवाइस पार्क को लेकर बात करते हुए सीएम ने कहा कि केंद्र सरकार से मिले 30 करोड़ रुपये वापस कर सरकार ने अपनी इच्छाशक्ति का परिचय दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के समय औद्योगिक प्लॉटों की कीमतों में 50 प्रतिशत तक की कटौती कर दी जाती थी, लेकिन उनकी सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ प्रदेशहित में नई इंडस्ट्री पॉलिसी लेकर आएगी।

विधायकों पर कार्रवाई को लेकर पक्ष-विपक्ष आमने-सामने

सत्र के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा भ्रष्टाचार के मामलों में जांच की बात कहने पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आपत्ति जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विधायकों के खिलाफ राजनीतिक द्वेष के चलते मामले दर्ज किए जा रहे हैं और उन्हें प्रताड़ित करने का प्रयास हो रहा है।

इसके जवाब में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार किसी को डराने का प्रयास नहीं कर रही है, बल्कि केवल सामने आ रहे ठोस तथ्यों और सबूतों के आधार पर ही कार्रवाई की जा रही है। भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News