Jaipur News: जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने बुधवार सुबह 7 बजे से न्यू सांगानेर रोड को 100 फीट चौड़ा करने के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। होटल लजीज से गुर्जर की थड़ी तक करीब एक किलोमीटर क्षेत्र में 20 अवैध निर्माण ध्वस्त किए जा रहे हैं। इस कार्रवाई के कारण मार्ग पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया है।
राजधानी जयपुर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने बुधवार सुबह 7 बजे से न्यू सांगानेर रोड पर अतिक्रमण निरोधी अभियान शुरू किया है। जेडीए का प्रवर्तन दस्ता बुलडोजर, डंपर, ट्रैक्टर और पोकलेन मशीनों के साथ मौके पर पहुंचकर सड़क की सीमा में आ रहे अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर रहा है। इस कार्रवाई से गुर्जर की थड़ी से सोडाला की ओर यातायात प्रभावित हुआ है और सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं।
एक किलोमीटर क्षेत्र में चिन्हित किए गए थे 50 निर्माण
जेडीए की यह कार्रवाई मुख्य रूप से न्यू सांगानेर रोड पर होटल लजीज से लेकर गुर्जर की थड़ी तक करीब एक किलोमीटर के दायरे में चल रही है। मेट्रो पिलर नंबर 84 से 109 के बीच सड़क की निर्धारित 100 फीट चौड़ाई की जद में कुल 50 निर्माण चिन्हित किए गए थे।
जेडीए अधिकारियों के अनुसार, प्रशासन द्वारा पूर्व में नोटिस जारी किए जाने और समझाइश के बाद 30 लोगों ने स्वेच्छा से अपने अवैध निर्माण हटा लिए थे। शेष बचे 20 निर्माणों को ध्वस्त करने के लिए जेडीए ने छह विशेष टीमों का गठन किया है, जो अलग-अलग हिस्सों में एक साथ कार्रवाई कर रही हैं।
हाईकोर्ट की सख्ती के बाद हरकत में आया प्रशासन
न्यू सांगानेर रोड को चौड़ा करने और अतिक्रमण मुक्त बनाने का मामला राजस्थान हाईकोर्ट में विचाराधीन है। हाल ही में हुई सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए प्रशासन को पूरी सड़क 100 फीट चौड़ा करने के लिए दो सप्ताह की समय-सीमा दी है।
कोर्ट ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित दो सप्ताह की अवधि में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी नहीं होती है, तो अगली सुनवाई पर जेडीए आयुक्त, जेडीए सचिव और नगर निगम आयुक्त को व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होना होगा।
मौके पर भारी पुलिस बल और ट्रैफिक डायवर्जन
कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह के विरोध या कानून-व्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए जेडीए के प्रवर्तन दस्ते के साथ स्थानीय पुलिस और अतिरिक्त रिजर्व पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया है। सुबह के समय दफ्तर और कामकाज के लिए निकले वाहन चालकों को जाम के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। आमजन की सुविधा के लिए यातायात पुलिस ने न्यू सांगानेर रोड पर ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था भी की है, ताकि सड़क को जल्द अवरोध मुक्त कर यातायात सुचारू किया जा सके।