भाजपा प्रदेश पदाधिकारी बैठक: कांगड़ा में राजीव बिंदल की अध्यक्षता में रणनीति तैयार, 19 नवंबर को होगा बड़ा प्रदर्शन

Share

- Advertisement -

Kangra News: ऐतिहासिक और धार्मिक नगरी कांगड़ा में मंगलवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की अध्यक्षता में प्रदेश पदाधिकारी की बैठक संपन्न हुई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने और 19 नवंबर को धर्मशाला में कांग्रेस सरकार के खिलाफ होने वाले महिला प्रदर्शन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में इन प्रमुख दिग्गजों ने की शिरकत

कांगड़ा में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार, प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल एवं पायल वैद्य, कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज और विधायक पवन काजल समेत पार्टी के कई वरिष्ठ प्रदेश पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने तथा मोर्चों और प्रकोष्ठों के आगामी कार्यक्रमों को लेकर गहन मंथन किया गया।

19 नवंबर को धर्मशाला में होगा जोरदार प्रदर्शन

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने घोषणा की कि 19 नवंबर को धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम में महिलाएं प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ बड़ा धरना-प्रदर्शन करेंगी। यह प्रदर्शन सरकार की महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये देने की चुनावी गारंटी को लेकर किया जाएगा।

डॉ. बिंदल ने कहा कि इस प्रदर्शन का मुख्य नारा ‘1500 नहीं, 72 हजार चाहिए’ होगा, जिसके तहत चुनिंदा बहनों के बजाय प्रदेश की सभी 28 लाख महिलाओं को उनका अधिकार दिए जाने की माँग की जाएगी। पार्टी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए सरकार से उसकी गारंटी का हिसाब माँगेगी।

1 दिसंबर से शुरू होगा ‘सेवादूत अभियान’ और मोर्चों की बैठकें

संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक धार देने के लिए भाजपा 1 दिसंबर से 25 दिसंबर तक प्रदेश के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में ‘सेवादूत अभियान’ चलाएगी। इस अभियान के तहत हर पोलिंग बूथ पर 51 कार्यकर्ताओं की सशक्त टीम तैयार करने और जनसंपर्क को व्यापक बनाने पर जोर दिया जाएगा।

इसके साथ ही आगामी दिनों में विभिन्न मोर्चों की राज्य स्तरीय कार्यसमिति बैठकें भी तय की गई हैं:

  • 18 नवंबर: भारतीय जनता युवा मोर्चा की बैठक, पालमपुर
  • 19 नवंबर: किसान मोर्चा की बैठक, देहरा
  • 20 नवंबर: अनुसूचित जाति मोर्चा की बैठक, पालमपुर
  • 21 नवंबर: महिला मोर्चा की बैठक, ऊना
  • 22 नवंबर: अन्य पिछड़ा वर्ग मोर्चा की बैठक, ज्वालामुखी
Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News