Dharamshala News: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू से कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने जिले को मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व न मिलने पर नाराजगी जताई है। विधानसभा सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को उन्होंने कहा कि कुल्लू के लोग बाजा बजाने के लिए नहीं हैं। पार्टी छोड़ने के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यकर्ता जो फैसला लेंगे, वे उसे स्वीकार करेंगे।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की आंतरिक खींचतान एक बार फिर खुलकर सामने आई है। कुल्लू विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने मंत्रिमंडल विस्तार में जिले की अनदेखी और पर्याप्त राजनीतिक प्रतिनिधित्व न मिलने पर कड़ा रुख अपनाया है। हालांकि मुख्यमंत्री की ओर से उनके नाम की घोषणा पहले की जा चुकी है, लेकिन कैबिनेट विस्तार अटका होने के कारण वे अब तक मंत्री नहीं बन पाए हैं।
विधानसभा सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि उनके लिए मंत्री पद कोई बड़ा मुद्दा नहीं है, बल्कि असली सवाल कुल्लू जिले के सम्मान और वहां के कार्यकर्ताओं की भावनाओं का है। पार्टी छोड़ने की अटकलों पर उन्होंने सीधे निर्णय सुनाने के बजाय कहा, “मुझे छोड़िए, मैं मंत्री बनूं या नहीं बनूं, यह कोई मुद्दा नहीं है। कार्यकर्ता हमारी जान हैं। मेरे पास कोई राजनीतिक विरासत नहीं है। मैं किसी राजनीतिक परिवार या राजपरिवार से नहीं हूं। मेरी ताकत मेरे कार्यकर्ता हैं। कार्यकर्ता जो कहेंगे, मैं उनकी बात मानूंगा।”
कुल्लू के लोगों के सम्मान से समझौता नहीं: सुंदर सिंह ठाकुर
कांग्रेस विधायक ने जिले को राजनीतिक हिस्सेदारी न मिलने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि कुल्लू कोई ‘नो-मैन्स लैंड’ नहीं, बल्कि हिमाचल प्रदेश का एक महत्वपूर्ण जिला है, जिसने पर्यटन के क्षेत्र में राज्य को देश-दुनिया में पहचान दिलाई है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा, “कुल्लू के लोग बाजा बजाने के लिए नहीं हैं। कुल्लू वाले अपने सम्मान के लिए लड़ना जानते हैं। कुल्लू के सम्मान के साथ किसी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता।”
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्रियों के कार्यकाल का हवाला देते हुए कहा कि प्रदेश की पिछली सरकारों में कुल्लू को हमेशा मंत्रिमंडल में स्थान मिलता रहा है। उन्होंने लालचंद प्रार्थी और ठाकुर कुंज लाल जैसे वरिष्ठ नेताओं का उदाहरण देते हुए कहा कि कुल्लू के लिए राजनीतिक प्रतिनिधित्व की मांग कोई नई बात नहीं है।
बंद कमरे में कार्यकर्ताओं की बैठक का किया बचाव
सुंदर सिंह ठाकुर ने अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, मंत्रियों और पार्टी नेतृत्व की मौजूदगी में हुई बैठक का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उस समय कुल्लू के कार्यकर्ता अपनी बात नेतृत्व के सामने रखना चाहते थे।
दशहरा उत्सव समिति के अध्यक्ष होने के नाते उनकी पहली प्राथमिकता इस आयोजन को सफल बनाना था, जिसमें इस वर्ष देवी-देवताओं की संख्या बढ़ी और 15 देशों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। विधायक ने कहा कि यदि बंद कमरे में कार्यकर्ता अपने जिले के सम्मान और राजनीतिक हिस्सेदारी पर चर्चा करते हैं, तो इसमें कुछ भी अनुचित नहीं है और जनप्रतिनिधि होने के नाते उनकी बात सुनना उनका दायित्व है।
जिला अध्यक्ष को नोटिस देने और दोहरे मापदंड पर उठाए सवाल
विधायक ने कुल्लू जिला कांग्रेस अध्यक्ष को जारी किए गए कारण बताओ नोटिस पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी सुबह ही मिली और उनकी राय में यह नोटिस गलत है, क्योंकि जिला अध्यक्ष ने मीडिया में कोई बयानबाजी नहीं की थी।
संगठन में दोहरे मापदंड अपनाए जाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि शिमला में सार्वजनिक मंचों से नेताओं और विधायकों के खिलाफ बयानबाजी होती है तथा कांग्रेस भवन के भीतर हाथापाई तक की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन वहां अलग नीति अपनाई जाती है। उन्होंने मांग की कि संगठन में सभी के लिए एक समान नियम लागू होने चाहिए।
संघर्ष के दम पर बनाई राजनीतिक पहचान
अपनी राजनीतिक पृष्ठभूमि का उल्लेख करते हुए सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि वे एक साधारण ग्रामीण परिवार से आते हैं। उन्होंने एनएसयूआई (NSUI) से लेकर युवा कांग्रेस और पंचायत समिति अध्यक्ष तक का सफर संघर्ष के बल पर तय किया है। उन्होंने याद दिलाया कि वर्ष 1993 में उन्हें विधानसभा टिकट की पेशकश हुई थी, लेकिन अंतिम समय में टिकट कट गया था। इसके बावजूद उन्होंने संगठन के लिए काम जारी रखा और पिछले 15 वर्षों से कुल्लू के कार्यकर्ताओं ने हर परिस्थिति में उनका साथ दिया है।
सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि कुल्लू जिले में आपदा के बाद पुनर्निर्माण, पर्यटन स्थलों पर बढ़ती ट्रैफिक समस्या, बेहतर कनेक्टिविटी और व्यास नदी के तटीयकरण जैसे कई गंभीर विकास कार्य लंबित हैं। प्राकृतिक आपदाओं का सामना करने वाले इस जिले की राजनीतिक और प्रशासनिक हिस्सेदारी की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए।