New Delhi News: बॉलीवुड अभिनेत्री श्रद्धा कपूर की आगामी बायोग्राफिकल ड्रामा फिल्म ‘ईठा’ का पहला गाना ‘जी जी रे जी’ रिलीज हो गया है। इस गीत में श्रद्धा कपूर पारंपरिक लावणी नृत्य करती नजर आ रही हैं। अजय-अतुल द्वारा संगीतबद्ध और श्रेया घोषाल की आवाज से सजी यह फिल्म 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
बॉलीवुड अभिनेत्री श्रद्धा कपूर की बहुप्रतीक्षित बायोग्राफिकल ड्रामा फिल्म ‘ईठा’ का पहला गीत ‘जी जी रे जी’ जारी कर दिया गया है। फिल्म के टीजर के बाद से ही दर्शकों में इसे लेकर काफी उत्सुकता थी। इस नए गाने में श्रद्धा कपूर पारंपरिक लावणी नृत्य करती नजर आ रही हैं।
लावणी नृत्य सीखना रहा चुनौतीपूर्ण अनुभव
श्रद्धा कपूर ने इस गाने और नृत्य शैली को लेकर अपना अनुभव साझा किया है। उन्होंने बताया कि लावणी की लय, इसके विशेष हाव-भाव और ऊर्जा ने उन्हें काफी प्रभावित किया। अभिनेत्री के अनुसार, इस नृत्य शैली में एक अलग आकर्षण है जो सीधे दर्शकों से जुड़ता है, हालांकि एक महान कलाकार की दुनिया में कदम रखना और इस नृत्य को पर्दे पर उतारना उनके लिए काफी चुनौतीपूर्ण रहा।
कहानी के अहम मोड़ को दर्शाता है गीत
अभिनेत्री ने स्पष्ट किया कि ‘जी जी रे जी’ केवल एक नृत्य गीत नहीं है, बल्कि यह फिल्म की कहानी के एक महत्वपूर्ण मोड़ को सामने लाता है। इसके पीछे उस कलाकार के जीवन का एक खास प्रसंग जुड़ा हुआ है।
वहीं, फिल्म का संगीत तैयार करने वाली मशहूर संगीतकार जोड़ी अजय-अतुल ने कहा कि ‘ईठा’ जैसी फिल्म में संगीत केवल मनोरंजन के लिए नहीं हो सकता, बल्कि उसे कहानी, किरदार और भावनाओं का हिस्सा बनना जरूरी है। उनके मुताबिक, ईठा का किरदार मंच पर प्रस्तुति देने वाली कलाकार होने के साथ-साथ साहस, सुंदरता और आत्मविश्वास का प्रतीक था, जिसे ध्यान में रखकर इस गीत की धुन तैयार की गई है।
श्रेया घोषाल की आवाज और वैभवी मर्चेंट की कोरियोग्राफी
गीत ‘जी जी रे जी’ को अजय-अतुल ने संगीतबद्ध और निर्मित किया है, जबकि इसके बोल अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखे हैं और श्रेया घोषाल ने इसे अपनी आवाज दी है। अजय-अतुल ने गीत के बोल, गायकी और श्रद्धा कपूर के समर्पण की सराहना की।
गाने की कोरियोग्राफी वैभवी मर्चेंट ने की है। उन्होंने बताया कि मंच पर आने से पहले एक कलाकार कई तरह के संघर्षों और भावनाओं से गुजरता है, लेकिन दर्शकों के सामने आते ही वह अपनी कला में पूरी तरह डूब जाता है। इसी भाव को ध्यान में रखकर नृत्य की रचना की गई है और श्रद्धा ने हर कदम को बारीकी से सीखने के लिए कड़ी मेहनत की है। लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन और दिनेश विजान, लक्ष्मण उतेकर तथा करिश्मा शर्मा के निर्माण में बनी यह फिल्म 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।