उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा: हरिद्वार प्रदेश कार्यसमिति से होगा चुनावी शंखनाद, राजनाथ सिंह देंगे जीत का मंत्र

Share

- Advertisement -

Dehradun News: उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठन को पूरी तरह चुनावी मोड में लाने की कवायद तेज कर दी है। आगामी 21 और 22 नवंबर को हरिद्वार में होने जा रही दो दिवसीय विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति बैठक के साथ इसकी औपचारिक शुरुआत होगी। इस कार्यसमिति के एजेंडे में न केवल प्रदेश सरकार के पांच साल के कामकाज का लेखा-जोखा जनता तक पहुंचाना शामिल है, बल्कि संगठन की चुनावी जिम्मेदारियां तय करने, बूथ सशक्तीकरण और राज्य की सभी 70 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करने का रोडमैप तैयार करना भी प्रमुख है।

सोमवार को देहरादून स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय में कार्यसमिति की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन ने स्पष्ट किया कि चुनाव मैदान में भले ही 70 प्रत्याशी उतरेंगे, लेकिन यह चुनाव पूरी पार्टी को एकजुट होकर लड़ना है। पार्टी नेतृत्व की मंशा है कि प्रदेश पदाधिकारियों से लेकर विभिन्न मोर्चों, प्रकोष्ठों, विधायकों और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं तक चुनावी अभियान की स्पष्ट जिम्मेदारी पहुंचे।

मोदी और धामी सरकार की उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाने पर जोर

तैयारी बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और प्रदेश की पुष्कर सिंह धामी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं व उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश को विकसित बनाने के लिए उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनना आवश्यक है। इस कार्यसमिति के माध्यम से भाजपा सरकार के विकास कार्यों को आगामी चुनावी विमर्श के केंद्र में लाने की तैयारी कर रही है।

राजनाथ सिंह के मार्गदर्शन से राष्ट्रीय रणनीति से जुड़ेगा प्रदेश का एजेंडा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने संगठनात्मक पदाधिकारियों को आगामी चुनाव में किसी भी राजनीतिक चुनौती को हल्के में न लेने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि हरिद्वार में होने वाली कार्यसमिति बैठक में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का मार्गदर्शन पार्टी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होगा। उनके संबोधन और मार्गदर्शन के जरिए प्रदेश के चुनावी एजेंडे को राष्ट्रीय नेतृत्व के संदेश और व्यापक संगठनात्मक रणनीति से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

शक्ति केंद्र स्तर पर बूथ सशक्तीकरण का निर्देश

बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ शर्मा ने शक्ति केंद्र स्तर पर चल रहे बूथ सशक्तीकरण अभियान को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। दो दिवसीय कार्यसमिति की रूपरेखा के अनुसार, पहले दिन (21 नवंबर) सभी संयुक्त मोर्चों और प्रकोष्ठों की बैठक आयोजित की जाएगी, जबकि दूसरे दिन (22 नवंबर) विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति के माध्यम से संगठन के विभिन्न स्तरों को एक साझा चुनावी एजेंडे से जोड़ा जाएगा।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, हरिद्वार की यह प्रदेश कार्यसमिति उत्तराखंड भाजपा के लिए सरकार के रिपोर्ट कार्ड को जनता के बीच रखने, संगठन की सक्रियता परखने, चुनावी जिम्मेदारियों के बंटवारे और विपक्ष की रणनीति का सटीक आकलन करने का एक बड़ा मंच बनने जा रही है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News