National News: लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी सोमवार को दिल्ली में अपनी मां और कांग्रेस संसदीय दल (सीपीपी) की अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब ‘बिलोंगिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ (Belonging: A Journey of Love) के विमोचन समारोह में भावुक हो गए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राहुल ने खुलासा किया कि सोनिया गांधी चार बार कैंसर को मात दे चुकी हैं और उन्होंने जीवन के बेहद कठिन दौर में भी कभी अपने हौसले को टूटने नहीं दिया।
विमोचन समारोह के दौरान राहुल गांधी ने अपनी मां के संघर्ष, साहस और विपरीत परिस्थितियों में मजबूती से खड़े रहने की क्षमता की सराहना की। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी अपनी स्वास्थ्य संबंधी गंभीर परेशानियों को भी हमेशा कम करके बताती रही हैं। राहुल ने कहा कि किताब में दो या तीन बार कैंसर से उबरने का जिक्र हो सकता है, लेकिन वास्तव में वह चार बार कैंसर को मात दे चुकी हैं।
किताब में राजीव गांधी की मृत्यु से पहले के जीवन की झलक
राहुल गांधी ने बताया कि सोनिया गांधी का यह संस्मरण उनके पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की मृत्यु से पहले के जीवन की झलक दिखाता है। अपनी मां के व्यक्तित्व का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “मैंने अपने जीवन में उन्हें कभी डरा हुआ नहीं देखा। मैंने उन्हें कभी पीछे हटते नहीं देखा।”
पिता को आप पर बेहद गर्व होता: राहुल गांधी
समारोह में अपनी मां को सीधे संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि उनके पिता राजीव गांधी को इस बात पर गर्व होता कि सोनिया गांधी ने जीवन की चुनौतियों का सामना किस तरह किया। राहुल ने भावुक होते हुए कहा, “मैं यह भाषण इसलिए देना चाहता था क्योंकि मम्मी, पापा आपसे प्यार करते थे, लेकिन मैं आपको बता भी नहीं सकता कि उन्हें आप पर कितना गर्व होता।”
इस अवसर पर गांधी परिवार के सदस्यों के साथ-साथ कई वरिष्ठ राजनीतिक नेता भी उपस्थित रहे। सोनिया गांधी की इस किताब में उनके निजी जीवन, पारिवारिक अनुभवों और सार्वजनिक जीवन के लंबे सफर को समेटा गया है।