Shimla News: शिमला जिले के पुलिस थाना ठियोग के अंतर्गत सैंज बाजार में जमीन पर कब्जे और जेसीबी मशीन चलाने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर विवाद और मारपीट हुई। इस मामले में दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर पुलिस ने क्रॉस एफआईआर दर्ज कर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहली प्राथमिकी भल्याणा गांव (डाक सैंज, तहसील ठियोग) निवासी 42 वर्षीय सुनील पुत्र दीप राम के बयान पर दर्ज की गई है। सुनील ने अपनी शिकायत में बताया कि उन्होंने सैंज बाजार में प्रमोद पुत्र गिरजा नंद से जमीन खरीदी थी। जब वह सुबह इस जमीन पर कटिंग कार्य के लिए जेसीबी मशीन लगाकर काम करवा रहे थे, तो भोपाल चौहान, विजय चौहान और जगदीश चौहान मौके पर पहुंचे और काम रुकवा दिया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि इन लोगों ने उनके साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपी अपनी पत्नियों को भी मौके पर ले आए, जिससे काम में बाधा पड़ी और करीब 30 मिनट तक मुख्य सड़क भी जाम रही। पुलिस ने इस शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
दूसरे पक्ष ने लगाया जमीन पर अवैध खुदाई और हमले का आरोप
वहीं, इस मामले में दूसरे पक्ष की ओर से सैंज निवासी जगजीत सिंह, भोपाल सिंह और विजय सिंह (तीनों पुत्र स्व. दूला राम) की शिकायत पर पुलिस ने क्रॉस एफआईआर दर्ज की है। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि चक सैंज स्थित खसरा नंबर-478 में लगभग 17 बीघा जमीन के वे संयुक्त मालिक हैं।
उनका आरोप है कि सुबह सुनील, सुशील, अनिल और अमरजीत लगभग 20 अन्य लोगों तथा दो जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर पहुंचे और जमीन की खुदाई शुरू कर दी। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। इस मारपीट के दौरान भोपाल सिंह को गंभीर चोटें आई हैं।
एएसपी शिमला मेहर पंवर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतों पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस थाना ठियोग के जांच अधिकारी द्वारा दोनों मामलों के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।