हिमाचल पथ परिवहन निगम के चालक की अंतिम यात्रा बनी उसी बस में, दिल्ली रूट से लौटने के बाद कमरे में हुआ निधन

Share

- Advertisement -

Mandi News: हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के रामपुर बुशहर डिपो में तैनात 46 वर्षीय चालक संतोष कुमार का दिल्ली रूट से लौटने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में निधन हो गया। उनके निधन के बाद सहकर्मी चालकों ने उनकी पार्थिव देह को फूलों से सजी बस में उनके पैतृक गांव सरकाघाट पहुंचाया, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

दिल्ली रूट से लौटने के बाद कमरे में हुई थी मौत

सरकाघाट के लुणाधा निवासी 46 वर्षीय संतोष कुमार हिमाचल पथ परिवहन निगम में पिछले 13 वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे थे। हाल ही में वह दिल्ली रूट की अपनी ड्यूटी पूरी कर रामपुर बुशहर डिपो लौटे थे और आराम करने के लिए अपने कमरे में चले गए थे। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं आए, तो सहयोगियों ने उन्हें जगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में कमरा खोला गया, जहां वह मृत पाए गए। चिकित्सकों के अनुसार, मौत का शुरुआती कारण हृदयाघात (हार्ट अटैक) माना जा रहा है।

फूलों से सजी बस में पैतृक गांव लाई गई पार्थिव देह

पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद, निगम के सहकर्मी चालकों ने संतोष कुमार की पार्थिव देह को उनके पैतृक गांव पहुंचाने का बीड़ा उठाया। रामपुर बुशहर से एक विशेष बस को फूलों से सजाकर उनकी पार्थिव देह के साथ सरकाघाट के लिए रवाना किया गया।

बस में पार्थिव देह देख गमगीन हुआ माहौल

जब फूलों से सजी निगम की बस संतोष कुमार के गांव पहुंची, तो वहां का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया। जिस बस को संतोष कुमार ने ताउम्र लोगों को उनकी मंजिल तक पहुंचाया था, उसी बस में आज उनकी अंतिम यात्रा निकली थी। इस बार वह चालक की सीट पर नहीं बल्कि पार्थिव देह के रूप में मौजूद थे। स्वजन द्वारा अंतिम दर्शन करने के बाद, सहयोगी चालक उनकी पार्थिव देह को उसी बस में श्मशानघाट तक ले गए, जहां उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई। परिवहन निगम के कर्मचारियों के इस मानवीय और संवेदनशील कदम से शोक संतप्त परिवार को संबल मिला है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News