गाजीपुर: शौचालय का वेंटिलेशन तोड़कर सीबीएन की अभिरक्षा से फरार हुआ एमडी ड्रग्स लैब का आरोपित, केस दर्ज

Share

- Advertisement -

Ghazipur News: मऊ में अवैध मेफेड्रोन (एमडी) निर्माण प्रयोगशाला के भंडाफोड़ में गिरफ्तार तस्करी का आरोपित विवेक गुप्ता केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) की विभागीय अभिरक्षा से फरार हो गया है। शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित सीबीएन के पीआई सेल कार्यालय परिसर में शनिवार को उसने शौचालय के पिछले हिस्से की जर्जर संरचना और कमजोर वेंटिलेशन को हटाकर रास्ता बनाया और भाग निकला। इस घटना के बाद विभागीय निगरानी व्यवस्था और सरकारी भवन की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं।

मामले में विवेचना अधिकारी निरीक्षक अब्दुल वहीद की तहरीर पर शहर कोतवाली पुलिस ने फरार आरोपित विवेक गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस और नारकोटिक्स ब्यूरो की टीमें आरोपित की तलाश में जुटी हैं।

आठ नवंबर को मऊ में पकड़ी गई थी अवैध ड्रग्स प्रयोगशाला

उप नारकोटिक्स आयुक्त कार्यालय नीमच (मध्य प्रदेश) को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर सीबीएन की टीम ने आठ नवंबर को मऊ में एक अवैध मेफेड्रोन निर्माण प्रयोगशाला का भंडाफोड़ किया था। मौके से भारी मात्रा में मादक पदार्थ और रसायन जब्त किए गए थे।

इस कार्रवाई के दौरान दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया था:

  • विवेक गुप्ता: निवासी अतसाठ बाजार, अतरौलिया क्षेत्र (आजमगढ़)
  • दुर्गा प्रसाद: निवासी बीकानेर (राजस्थान)

न्यायालय ने ड्रग सिंडिकेट की गहन जांच के लिए दोनों आरोपितों को सीबीएन की विभागीय अभिरक्षा में सौंपा था। 13 नवंबर को मजिस्ट्रेट के समक्ष एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत जब्त मादक पदार्थों और रसायनों की सैंपलिंग तथा इन्वेंटरी सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कराई गई। इसके बाद दोनों आरोपितों को गाजीपुर स्थित पीआई सेल परिसर में रखा गया था।

नमूने भेजने की प्रक्रिया के दौरान दिया चकमा

तहरीर के अनुसार, शनिवार को विवेचना अधिकारी निरीक्षक अब्दुल वहीद जब्त किए गए नमूनों को रासायनिक परीक्षण के लिए शासकीय अफीम एवं क्षारोद कारखाना (GOAW) भेजने की प्रक्रिया पूरी कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने आरोपित विवेक गुप्ता की निगरानी की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक संदीप कुमार को सौंपी थी।

विवेक ने शौचालय जाने की अनुमति मांगी, जिस पर तलाशी लेने के बाद उसे अंदर भेजा गया। आरोपित ने पुराने भवन की जर्जर दीवार और कमजोर वेंटिलेशन का फायदा उठाकर उसे हटाया और बाहर निकलकर फरार हो गया। काफी देर तक अंदर से कोई आहट नहीं मिलने पर जब उपनिरीक्षक संदीप ने जाकर देखा, तो विवेक वहां से गायब था। घटना की सूचना मिलते ही सीबीएन अधिकारियों और स्थानीय पुलिस ने आसपास के इलाकों में सघन तलाश अभियान चलाया, लेकिन आरोपित का कोई सुराग नहीं लग सका।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News