Shimla News: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से शैक्षणिक भ्रमण (टूर) से लौट रही स्कूली बच्चों की एक बस शनिवार देर रात दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गई। यह हादसा कोट गांव के पास चक्की मोड़ से आगे टंबू मोड़ के पास हुआ। बस में कुल 51 बच्चे और स्कूल स्टाफ के सदस्य सवार थे, जिसमें प्रिंसिपल, चेयरमैन और कोऑर्डिनेटर समेत कई लोग घायल हो गए हैं।
शनिवार देर रात हुआ हादसा, मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार, हेरिटेज लिटरा स्कूल के बच्चे और स्टाफ शिमला से शैक्षणिक टूर पूरा करने के बाद वापस लौट रहे थे। रात करीब पौने 11 बजे जब बस कोट गांव के पास टंबू मोड़ के पास पहुंची, तो चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस पलट गई। इस भीषण हादसे के बाद मौके पर बच्चों में चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों की मदद से बचाए गए बच्चे
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत राहत कार्य के लिए पहुंचे। स्थानीय लोगों और राहत दल के संयुक्त प्रयासों से बस में फंसे बच्चों और स्टाफ सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दुर्घटना में कई बच्चों को चोटें आई हैं, जबकि घायल स्कूल स्टाफ सदस्यों में प्रिंसिपल अमिता, चेयरमैन नरेंद्र सिंगला और कोऑर्डिनेटर मीनू शामिल हैं। घायलों को तुरंत उपचार के लिए पंचकूला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेते हुए राहत एवं बचाव कार्य में मदद की। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की तकनीकी और अन्य पहलुओं से गहनता से जांच कर रही है।