नेरी शोध संस्थान में उत्तर-पश्चिमी हिमालय के पर्यावरण पर दो दिवसीय राष्ट्रीय परिसंवाद शुरू

Share

- Advertisement -

Hamirpur News: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले स्थित ठाकुर रामसिंह इतिहास शोध संस्थान, नेरी में शनिवार को ‘उत्तर-पश्चिमी हिमालय में पर्यावरण के ऐतिहासिक और समकालीन परिप्रेक्ष्य’ विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय परिसंवाद का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में राज्यसभा सांसद प्रो. सिकंदर कुमार ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।

उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान (IIAS), शिमला के निदेशक प्रो. हिमांशु कुमार चतुर्वेदी ने की। इस अवसर पर राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) हमीरपुर के निदेशक प्रो. सूर्यवंशी सारस्वत विशिष्टातिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि चंबा के प्रसिद्ध पर्यावरणविद् कुलभूषण उपमन्यु ने बीज वक्तव्य (की-नोट एड्रेस) प्रस्तुत किया।

पारंपरिक ज्ञान और काष्ठकूणी वास्तुकला को बताया मार्गदर्शक

मुख्यातिथि प्रो. सिकंदर कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि हिमालय केवल बर्फ से ढकी पर्वत श्रृंखला नहीं है, बल्कि यह भारत की संस्कृति, अर्थव्यवस्था और उत्तर भारत के करोड़ों लोगों के जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों ने प्रकृति का दोहन नहीं, बल्कि उसका पोषण किया है। उन्होंने देववन परंपरा, जल संचयन की बावड़ी व कूहल व्यवस्था तथा भूकंपरोधी काष्ठकूणी वास्तुकला को आधुनिक विकास के लिए एक सशक्त मार्गदर्शक बताया।

उन्होंने वर्ष 1905 के कांगड़ा भूकंप का उदाहरण देते हुए कहा कि उस भीषण त्रासदी के दौरान भी पारंपरिक काष्ठकूणी शैली में बने भवन सुरक्षित रहे थे। प्रो. सिकंदर ने बताया कि उत्तर-पश्चिमी हिमालय की नदियां देश की 40 से 50 प्रतिशत आबादी की जल आवश्यकताओं को पूरा करती हैं और हिमाचल प्रदेश का 68 प्रतिशत वन क्षेत्र देश के लिए फेफड़ों की तरह कार्य करता है। उन्होंने अनियोजित निर्माण, नदी-नालों के मार्ग में अतिक्रमण और जलवायु परिवर्तन के कारण हिमालय पर मंडरा रहे संकट पर चिंता व्यक्त की।

विकास और पर्यावरण को संतुलित रखने का आह्वान

प्रो. सिकंदर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए वैश्विक मंत्र ‘लाइफ’ (LiFE) का उल्लेख करते हुए कहा कि विकास और पर्यावरण एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं। उन्होंने हिमालय की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए भू-वैज्ञानिक मानकों के अनुरूप निर्माण कार्य करने, पारंपरिक जल स्रोतों को पुनर्जीवित करने, प्राकृतिक खेती को अपनाने और ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे अभियानों को जनांदोलन बनाने का आह्वान किया।

इससे पूर्व, संस्थान के निदेशक डॉ. चेतराम गर्ग, अध्यक्ष आचार्य भाग चंद चौहान और महासचिव भूमिदत्त शर्मा ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस दो दिवसीय राष्ट्रीय परिसंवाद में देशभर से आए इतिहासकार, शोधकर्ता और शिक्षाविद् पर्यावरण के ऐतिहासिक व समकालीन पहलुओं पर अपने शोध पत्र प्रस्तुत कर रहे हैं।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News