New Delhi News: बाल दिवस के अवसर पर विशेषज्ञों ने बच्चों के भाषा विकास को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं। लैंग्वेज एंड लर्निंग फाउंडेशन की एसोसिएट डायरेक्टर स्मृति मिश्रा के अनुसार, बच्चों की भाषा केवल स्कूल में नहीं, बल्कि घर और परिवार के रोजमर्रा के संवाद, कहानियों और मातृभाषा के उपयोग से मजबूत होती है।
भाषा केवल विचारों को व्यक्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह सोचने, समझने, तर्क करने और निष्कर्ष तक पहुंचने की बुनियाद है। जिस बच्चे के पास शब्दों का समृद्ध भंडार होता है, वह न केवल अपनी बात स्पष्ट रूप से रख पाता है, बल्कि गणित के कठिन सवालों और विज्ञान की जटिल अवधारणाओं को भी आसानी से समझ लेता है। यह आधार किसी एक स्थान या केवल विद्यालय में तैयार नहीं हो सकता; इसके लिए परिवार और स्कूल दोनों के साझा प्रयास आवश्यक हैं।
लैंग्वेज एंड लर्निंग फाउंडेशन, नई दिल्ली की एसोसिएट डायरेक्टर स्मृति मिश्रा के अनुसार, भाषा कौशल रातोंरात विकसित होने वाली क्षमता नहीं है, बल्कि यह रोजमर्रा के छोटे-छोटे और संवेदनशील प्रयासों से मजबूत होती है। बाल दिवस के अवसर पर उन्होंने घर और स्कूल के स्तर पर बच्चों की भाषा को समृद्ध बनाने के प्रमुख तरीके साझा किए हैं।
घर से शुरू होती है भाषा सीखने की प्रक्रिया
बच्चा सबसे पहले अपने परिवार के सदस्यों को सुनकर बोलना और भाषा को समझना सीखता है। इसलिए अभिभावकों को बच्चों के साथ नियमित और खुलकर बातचीत करनी चाहिए। बच्चों से ऐसे प्रश्न पूछने चाहिए, जिनका उत्तर उन्हें पूरे वाक्य में देना पड़े—जैसे, “आज स्कूल में सबसे रोचक क्या हुआ?” या “खेलते समय क्या-क्या हुआ?”
बच्चों की बातों को हमेशा धैर्यपूर्वक सुनना चाहिए। यदि बच्चा किसी शब्द का गलत उच्चारण करे, तो उसे सबके सामने टोकने के बजाय सही शब्द को अपने वाक्य में स्वाभाविक रूप से दोहरा देना चाहिए। इससे बच्चे का आत्मविश्वास बना रहता है और उसकी भाषा में भी सुधार होता है।
पढ़ने की आदत और लोककथाओं का महत्व
पढ़ने की आदत भाषा विकास का सबसे प्रभावी माध्यम है। कम पढ़े-लिखे अभिभावक भी बच्चों को पारंपरिक लोककथाएं, लोकगीत, लोरियां, पहेलियां और कहावतें सुनाकर उनके भाषा ज्ञान को समृद्ध कर सकते हैं। कहानी सुनाते समय बच्चों से यह पूछना कि “अब आगे क्या होगा?” या उन्हीं से कहानी दोबारा सुनना उनकी कल्पनाशीलता और अभिव्यक्ति को बढ़ाता है।
किताबों के अलावा बस के बोर्ड, दुकानों के नाम या किसी पैकेट पर लिखी जानकारी भी पढ़ने के अभ्यास का अच्छा साधन बन सकती है। बड़े भाई-बहनों या नजदीकी पुस्तकालय की मदद से बच्चों को किताबें उपलब्ध कराना लाभदायक रहता है। जब माता-पिता स्वयं पढ़ने में रुचि दिखाते हैं, तो बच्चों का भी किताबों से स्वाभाविक जुड़ाव बनता है।
स्कूल और कक्षा का वातावरण
विद्यालयों में शिक्षकों की भूमिका केवल पाठ्यक्रम पूरा कराने तक सीमित नहीं होनी चाहिए। कक्षा का माहौल ऐसा होना चाहिए कि प्रत्येक बच्चा बिना किसी झिझक या डर के अपनी बात कह सके और गलती करने से न घबराए। समूह चर्चा, वाद-विवाद, नाटक और कविता-पाठ जैसी गतिविधियां बच्चों की अभिव्यक्ति क्षमता को निखारती हैं।
इसके अतिरिक्त, डायरी लेखन, चित्र देखकर कहानी गढ़ना या किसी व्यक्तिगत अनुभव पर अनुच्छेद लिखवाना भी बच्चों के लेखन कौशल को मजबूत करता है। रटने के बजाय समझ विकसित करने पर जोर देने से बच्चे शब्दों का सही और सटीक प्रयोग करना सीखते हैं।
मातृभाषा की शक्ति और अभिभावक-शिक्षक संवाद
कई अध्ययनों में यह स्पष्ट हुआ है कि जो बच्चा अपनी मातृभाषा में दक्ष होता है, वह अन्य भाषाओं को भी सरलता से सीख लेता है। इसलिए केवल अंग्रेजी के आकर्षण में घर की बोली या मातृभाषा की अनदेखी नहीं करनी चाहिए। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और राष्ट्रीय पाठ्यचर्या की रूपरेखा 2022 में भी प्रारंभिक कक्षाओं में मातृभाषा के माध्यम से शिक्षण पर विशेष बल दिया गया है।
बच्चों के समग्र भाषा विकास के लिए शिक्षकों और अभिभावकों के बीच नियमित संवाद जरूरी है। अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) में केवल परीक्षा परिणामों की समीक्षा करने के बजाय बच्चे के बोलने, पढ़ने और लिखने के कौशल में हो रही प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा की जानी चाहिए।