Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा राज्य के स्कूलों के कायाकल्प को लेकर किए गए दावों के विपरीत, ज़मीनी हकीकत कुछ और ही बयां करती है। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, गोरखपुर में एक प्राथमिक विद्यालय बाढ़ के पानी में अपना भवन डूबने के कारण लंबे समय से किराये के एक छोटे मकान में अंधेरे गलियारे और टाट पट्टी के सहारे संचालित हो रहा है।
किराए के मकान में अंधेरे के बीच पढ़ाई करने को मजबूर बच्चे
गोरखपुर के इस सरकारी प्राथमिक विद्यालय में पहली से पांचवीं कक्षा तक के बच्चे जमीन पर टाट पट्टी बिछाकर पढ़ाई करने को मजबूर हैं। स्कूल की इंचार्ज संगीता मौर्या का कहना है कि बाढ़ की वजह से हर साल स्कूल का अपना मूल भवन पानी में डूब जाता है, जिसके कारण साल के चार से छह महीने इसी तरह की भारी असुविधाओं के बीच गुजारने पड़ते हैं। बच्चों को इस तरह की बुनियादी समस्याओं के साथ पढ़ाना शिक्षकों और छात्रों दोनों के लिए एक बड़ी चुनौती बना हुआ है।
सरकार का दावा और विभाग की प्रतिक्रिया
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 26 मई 2025 को एक कार्यक्रम के दौरान दावा किया था कि राज्य के लगभग सभी प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और कंपोजिट स्कूलों का कायाकल्प कर दिया गया है, और बचे हुए दो-तीन प्रतिशत स्कूलों को भी अगले एक साल में पूरी तरह दुरुस्त कर लिया जाएगा।
इस दावे के एक साल बाद पांच जिलों के 25 स्कूलों की पड़ताल सामने आने पर, राज्य के बेसिक शिक्षा विभाग के अपर सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश में स्कूलों की संख्या बहुत बड़ी है और जहां-जहां से भी शिकायतें प्राप्त होती हैं, उन्हें तुरंत दूर किया जाता है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि कुछ चुनिंदा स्कूलों के आधार पर पूरे राज्य के स्कूलों के बुनियादी ढांचे का आकलन नहीं किया जा सकता है।