बिहटा में ऑटो चालक इरफान इमाम की हत्या का खुलासा, पत्नी और उसके प्रेमी समेत तीन हिरासत में

Share

- Advertisement -

Patna News: पटना के बिहटा थाना क्षेत्र स्थित सिमरी गांव में 10 नवंबर की देर रात ऑटो चालक इरफान इमाम की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने खुलासा किया है। जांच के अनुसार, पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने पत्नी, उसके प्रेमी और एक नाबालिग को हिरासत में लिया है।

पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र स्थित सिमरी गांव में 10 नवंबर की देर रात हुई ऑटो चालक इरफान इमाम की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच के अनुसार, इरफान की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी और एक नाबालिग को हिरासत में लिया है, जबकि गोली चलाने वाला मुख्य आरोपी अभी फरार है।

दो साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग

सिमरी गांव में 10 नवंबर की देर रात इरफान इमाम की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस को प्रेम प्रसंग से जुड़ी जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक, इरफान की पत्नी नेहा उर्फ फोजिया फिरदौस का गांव के ही करण कुमार के साथ पिछले दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जब इरफान को इस रिश्ते की जानकारी हुई, तो पति-पत्नी के बीच विवाद होने लगा। इसी के बाद पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर इरफान की हत्या की योजना बनाई।

लोन लेकर सुपारी देने के पहलू की हो रही जांच

पुलिस की जांच में हत्या के लिए पैसों के इंतजाम का मामला भी सामने आया है। आशंका जताई जा रही है कि पत्नी ने कर्ज लेकर हत्या की सुपारी देने के लिए रकम जुटाई थी। हालांकि, पुलिस अभी लोन लेने और सुपारी की राशि से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या के लिए कितने रुपये दिए गए थे और इस साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद, मुख्य शूटर फरार

तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने पहले मृतक की पत्नी को हिरासत में लिया। इसके बाद उसके प्रेमी करण कुमार (पिता प्रमोद चौधरी) को गिरफ्तार किया गया। वारदात में शामिल एक नाबालिग को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।

दानापुर डीएसपी-2 अमरेंद्र कुमार झा ने बताया कि घटना में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद कर ली गई है। उन्होंने जानकारी दी कि गोली चलाने वाला मुख्य आरोपी और हत्या में प्रयुक्त हथियार अभी बरामद नहीं हो सके हैं। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

Read more

Related News