Chandigarh News: स्किन कैंसर के उपचार को अधिक सटीक और प्रभावी बनाने के लिए पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) के शोधकर्ता एक नई तकनीक पर काम शुरू करने जा रहे हैं। इसके तहत एक ऐसी विशेष मेडिकल पट्टी तैयार की जाएगी, जिसे त्वचा के प्रभावित हिस्से पर लगाने के बाद सामान्य रोशनी की मदद से सक्रिय किया जा सकेगा। इस महत्वपूर्ण शोध के लिए भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने पीयू को 86 लाख रुपये की ग्रांट मंजूर की है।
केंद्र सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अधीन आईसीएमआर के ‘इनोवेशन एक्स्ट्राम्यूरल ग्रांट्स-2026’ कार्यक्रम के तहत इस परियोजना को स्वीकृति मिली है। इस प्रोजेक्ट पर विश्वविद्यालय के केमिस्ट्री और बायोफिजिक्स विभाग संयुक्त रूप से कार्य करेंगे। केमिस्ट्री विभाग की डॉ. गुरप्रीत कौर परियोजना की मुख्य शोधकर्ता होंगी, जबकि बायोफिजिक्स विभाग की डॉ. सिमरन प्रीत सह-शोधकर्ता की भूमिका निभाएंगी।
फोटोडायनामिक थेरेपी और विजिबल लाइट का होगा उपयोग
इस शोध परियोजना के तहत मेटालोसर्फैक्टेंट आधारित एक विशेष दवा फार्मूला तैयार किया जाएगा, जिसमें फोटोडायनामिक थेरेपी तकनीक का इस्तेमाल होगा। इस तकनीक में प्रकाश के प्रति संवेदनशील तत्वों को रोशनी के संपर्क में लाकर सक्रिय किया जाता है, जिससे वे कैंसर कोशिकाओं को निशाना बनाने में मदद करते हैं।
शोधकर्ता इस फार्मूले को एक विशेष मेडिकल पट्टी में शामिल करेंगे, जिसे ‘विजिबल लाइट’ यानी सामान्य रूप से दिखाई देने वाली रोशनी की मदद से सक्रिय किया जा सकेगा। इस तकनीक का मुख्य उद्देश्य दवा को सीधे कैंसर प्रभावित त्वचा तक पहुंचाना है, ताकि आसपास के स्वस्थ ऊतकों पर इसका दुष्प्रभाव कम से कम हो।
ट्यूमर मॉडल पर परीक्षण के बाद आगे बढ़ेगी प्रक्रिया
फिलहाल यह तकनीक शोध के चरण में है और इसके सुरक्षित व प्रभावी होने की पुष्टि के लिए विस्तृत परीक्षण किए जाएंगे। शोध टीम तैयार किए जाने वाले फार्मूले की कार्यप्रणाली और उसके उपचार संबंधी प्रभावों का गहन अध्ययन करेगी। बायोफिजिक्स विभाग की डॉ. सिमरन प्रीत अपने शोध समूह द्वारा पहले से विकसित किए गए ट्यूमर मॉडल पर इसका परीक्षण करेंगी।
इन प्रारंभिक परीक्षणों के आधार पर स्किन कैंसर के इलाज में इस तकनीक की संभावनाओं का आकलन किया जाएगा। सकारात्मक नतीजे मिलने के बाद शोध टीम इसके प्रीक्लिनिकल परीक्षणों की दिशा में आगे बढ़ेगी।
मुख्य शोधकर्ता डॉ. गुरप्रीत कौर का शोध अनुभव
परियोजना की मुख्य शोधकर्ता डॉ. गुरप्रीत कौर को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से प्रतिष्ठित ‘डीएसटी-इंस्पायर फैकल्टी अवॉर्ड’ मिल चुका है। उन्हें फिजिकल केमिस्ट्री के क्षेत्र में दो दशक से अधिक का शोध अनुभव है और उनकी विशेषज्ञता दवा पहुंचाने की नई तकनीकों (ड्रग डिलीवरी सिस्टम) तथा नैनो संरचनाओं के विकास में है। अब तक उनके 120 से अधिक शोध पत्र प्रकाशित हो चुके हैं, जिन्हें 3,100 से अधिक साइटेशन मिले हैं और उनका एच-इंडेक्स 30 है। इसके अलावा, उनके नाम कई भारतीय पेटेंट भी स्वीकृत हैं।