Kashmir News: इस वर्ष अलनीनो के प्रभाव से सर्दियां सूखी बीतने की आशंकाओं के विपरीत कश्मीर घाटी के पहाड़ों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है, जबकि मैदानी इलाकों में बारिश हुई है। मौसम के इस सुहावने बदलाव और बर्फ से ढके पहाड़ों की खूबसूरती का दीदार करने के लिए देशभर से बड़ी संख्या में पर्यटक गुलमर्ग और सोनमर्ग जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों का रुख कर रहे हैं।
ताजा बर्फबारी ने गुलमर्ग और सोनमर्ग की वादियों के आकर्षण को कई गुना बढ़ा दिया है। बड़ी संख्या में सैलानी बर्फ से ढके नजारों के बीच तस्वीरें और वीडियो बनाते तथा शीतकालीन गतिविधियों का आनंद लेते नजर आ रहे हैं।
गुलमर्ग के कोंगडोरी और गोंडोला में सैलानियों की भीड़
गुलमर्ग में बर्फबारी देखने के लिए पर्यटक विश्व प्रसिद्ध गोंडोला (केबल कार) के ऊपरी चरणों की ओर पहुंच रहे हैं, जहां बर्फ की चादर से ढके कोंगडोरी में सैलानियों की खासी चहल-पहल है। गुजरात के सूरत से अपने माता-पिता और बच्चों के साथ आए पर्यटक मोनीष ने बताया कि कश्मीर आना उनके परिवार का पुराना सपना था। उन्होंने कहा कि जैसे ही उन्हें गुलमर्ग के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत गोंडोला के टिकट बुक किए और दूसरे चरण (फेज) तक पहुंचे।
वहीं, दिल्ली से आईं पर्यटक हिमांशी ने कहा कि पतझड़ में चिनार के सुनहरे पत्तों को गिरते हुए देखना और ताजा बर्फबारी का अनुभव करना उनके लिए अविस्मरणीय रहा। उन्होंने कहा कि टीवी पर देखे जाने वाले इन दृश्यों को असल जिंदगी में देखना उनके दो बड़े सपने पूरे होने जैसा है।
सोनमर्ग में भी सीजन की पहली बर्फबारी का उत्साह
मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में स्थित सोनमर्ग में भी सीजन की पहली बर्फबारी के बाद पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। आंध्र प्रदेश से आए नीलेश पासवान, गुजरात के वडोदरा की श्वेता सोलंकी और महाराष्ट्र के सोलापुर से पहुंचे नीरज ने पहली बार बर्फबारी देखने पर खुशी जताई। पर्यटकों ने सोनमर्ग की प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ स्थानीय लोगों के स्नेहपूर्ण व्यवहार और आतिथ्य की भी सराहना की।
पर्यटन कारोबारियों में जगी अच्छे विंटर सीजन की उम्मीद
ताजा बर्फबारी से पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय होटल मालिकों, ट्रांसपोर्टरों और ट्रैवल एजेंटों में भी खासा उत्साह है। गुलमर्ग के सरमद अहमद शाह ने बताया कि अभी गुलमर्ग के मुख्य इलाके में बर्फबारी नहीं हुई है, इसलिए सैलानी बर्फ देखने के लिए कोंगडोरी पहुंच रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि नवंबर के शेष दिनों और दिसंबर से फरवरी के बीच क्षेत्र में अच्छी बर्फबारी होगी, जिससे पर्यटन को गति मिलेगी।
स्थानीय ट्रैवल एजेंट साजिद वानी ने जानकारी दी कि बर्फबारी के बाद से उनके कार्यालय में बुकिंग के लिए लगातार फोन आ रहे हैं। पर्यटक न केवल वर्तमान में घाटी आ रहे हैं, बल्कि अगले महीने क्रिसमस और नए साल के जश्न के लिए भी तेजी से एडवांस बुकिंग करा रहे हैं, जिससे इस बार विंटर सीजन के बेहद शानदार रहने की उम्मीद है।