National News: वैदिक पंचांग के अनुसार, आज यानी 14 नवंबर को लोक आस्था के महापर्व छठ का दूसरा दिन ‘खरना’ मनाया जा रहा है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, खरना के दिन शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास शुरू हो जाता है।
हिंदू धर्म में खरना का विशेष महत्व है। मान्यता है कि सच्चे मन से छठ का व्रत करने से संतान सुख की प्राप्ति होती है और संतान की लंबी उम्र का आशीर्वाद मिलता है। साथ ही, परिवार पर छठी मैया और सूर्य देव की कृपा बनी रहती है।
खरना 2026 का शुभ मुहूर्त और तिथि
वैदिक पंचांग के अनुसार, कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को खरना मनाया जाता है। इस वर्ष तिथि का समय इस प्रकार है:
- पंचमी तिथि की शुरुआत: 13 नवंबर को रात 08 बजकर 42 मिनट पर
- पंचमी तिथि का समापन: 14 नवंबर को रात 11 बजकर 23 मिनट पर
खरना की पूजा विधि और प्रसाद का महत्व
खरना के दिन सुबह स्नान करने के बाद व्रत का संकल्प लिया जाता है और सूर्यास्त तक अन्न-जल ग्रहण नहीं किया जाता है। शाम को मिट्टी के नए चूल्हे पर खरना का महाप्रसाद तैयार किया जाता है। इस प्रसाद में नए चावल, गुड़ और दूध की खीर (रसिया) तथा घी लगी गेहूं के आटे की रोटी बनाई जाती है। इसके साथ केला और मूली भी अर्पित की जाती है।
सूर्यास्त के बाद व्रती केले के पत्ते पर यह प्रसाद रखकर छठी मैया और सूर्य देव की विधिपूर्वक पूजा करते हैं और उन्हें भोग लगाते हैं। इसके बाद व्रती शांत स्थान पर बैठकर प्रसाद ग्रहण करते हैं और फिर इसे परिवार व अन्य लोगों में वितरित किया जाता है। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद से ही 36 घंटे के निर्जला व्रत की शुरुआत होती है, जिसका समापन छठ महापर्व के चौथे और आखिरी दिन उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के बाद होता है।
खरना के दिन इन नियमों का रखें विशेष ध्यान
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, खरना के दिन पवित्रता और नियमों का पालन करना बेहद आवश्यक है:
- साफ-सफाई और शुद्धता: घर में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। पूजन सामग्री को बिना हाथ धोए या अशुद्ध हाथों से न छुएं।
- प्रसाद बनाने के नियम: खरना का प्रसाद रोजमर्रा के इस्तेमाल होने वाले बर्तनों के बजाय नए बर्तनों और मिट्टी के नए चूल्हे पर ही बनाएं। प्रसाद बनाते समय किसी भी सामग्री को चखें नहीं।
- सात्विक भोजन: इस दिन घर में लहसुन, प्याज या किसी भी तरह के तामसिक भोजन का सेवन न करें। परिवार के अन्य सदस्यों को भी सात्विक भोजन ही करना चाहिए।
- शांत वातावरण: व्रत के दौरान दिनभर निर्जला रहते हुए शाम को पूजा के बाद ही प्रसाद ग्रहण करें। घर में किसी से वाद-विवाद या अपशब्दों का प्रयोग करने से बचें।