Chandigarh News: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए आम आदमी पार्टी (आप) ने राज्य की 117 में से 71 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर चुनावी तैयारियों में बढ़त बना ली है। हालांकि, पार्टी ने अब तक जारी दो सूचियों में कैबिनेट मंत्रियों की सीटों पर सस्पेंस बरकरार रखा है। दूसरी ओर, विपक्षी दल कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और भाजपा में अभी उम्मीदवारों की घोषणा को लेकर इंतजार की स्थिति बनी हुई है।
कांग्रेस जहां अभी संभावित उम्मीदवारों की सर्वे रिपोर्ट तैयार करने में जुटी है, वहीं संभावित गठबंधन की अटकलों के चलते भाजपा और अकाली दल के उम्मीदवारों की घोषणा भी फिलहाल अधर में लटकी हुई है।
दो सूचियों में 71 नाम, पर मंत्रियों को नहीं मिली जगह
आम आदमी पार्टी ने चुनाव के लिए अब तक दो सूचियां जारी की हैं। पहली सूची 31 अक्टूबर को जारी की गई थी, जिसमें 40 उम्मीदवारों के नाम शामिल थे। इसके बाद 12 नवंबर को 31 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की गई। दोनों सूचियों में अधिकांश मौजूदा विधायकों और हलका इंचार्जों को ही मैदान में उतारा गया है, लेकिन कैबिनेट मंत्रियों के नामों की घोषणा से पार्टी नेतृत्व अभी बच रहा है।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि पार्टी मंत्रियों के विधानसभा क्षेत्रों की सर्वे और उनकी परफॉर्मेंस रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। दूसरी सूची में राज्य के कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां का टिकट काटे जाने को भी इसी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
विपक्षी दिग्गजों को घेरने और सीट बदलने की रणनीति
पार्टी सूत्रों के अनुसार, एक विशेष रणनीति के तहत नेतृत्व ने तय किया है कि कैबिनेट मंत्रियों के नामों की घोषणा राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) द्वारा जारी की जाने वाली तीसरी और चौथी सूची में की जाएगी। इसके पीछे एक बड़ा कारण यह भी बताया जा रहा है कि पार्टी विपक्षी दलों के बड़े चेहरों के मैदान में उतरने का इंतजार कर रही है, ताकि उनके सामने अपने कद्दावर मंत्रियों को उतारकर मजबूत चुनौती पेश की जा सके।
हालांकि, अधिकांश मंत्री अपना विधानसभा क्षेत्र बदलने के पक्ष में नहीं हैं, लेकिन ऐसी सूचनाएं सामने आ रही हैं कि मालवा क्षेत्र से ही तीन मंत्रियों की सीटें बदलने पर विचार किया जा रहा है। इसका उद्देश्य चुनावी समीकरणों को नयापन देना और क्षेत्रवार संतुलन साधते हुए अधिक जिलों में बड़े चेहरे उतारना है।
टिकट कटने और नाराजगी पर क्या बोले सीएम भगवंत मान?
मंत्रियों की सूची और कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां का टिकट कटने के सवाल पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने स्पष्ट किया कि पार्टी में टिकटों का निर्धारण सर्वे रिपोर्ट और संगठन में सक्रियता के आधार पर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस विषय पर मंथन जारी है और जल्द ही मंत्रियों के नाम भी सूची में दिखाई देंगे।
खुड्डियां का टिकट कटने पर मुख्यमंत्री मान ने कहा कि पार्टी ही यह भूमिका तय करती है कि किसे चुनाव लड़ाना है और किससे संगठन में काम लेना है। उन्होंने अपना उदाहरण देते हुए कहा, “मुझे पार्टी ने आदेश दिया था तो मैं जलालाबाद जाकर चुनाव लड़ा था, फिर आदेश हुआ कि धूरी से चुनाव लड़ना है तो वहां से मैदान संभाला और अब फिर नया आदेश दे दिया गया है।”
सीएम मान ने कहा कि यदि पार्टी ने तय किया है कि गुरमीत सिंह खुड्डियां को कोई अन्य जिम्मेदारी देनी है, तो यह बिल्कुल उचित है। वहीं, टिकट बंटवारे के बाद कुछ विधानसभा क्षेत्रों में आप नेताओं की नाराजगी के सवाल पर उन्होंने कहा कि कुछ कार्यकर्ता अक्सर भावुक हो जाते हैं, लेकिन उन्हें यह समझना होगा कि पार्टी हर निर्णय कई स्तरों पर गहन सोच-विचार के बाद ही लेती है।