भोपाल: एसबीआई लॉकर से पूर्व रेरा चेयरमैन की बेटियों के सोने के जेवर गायब, जांच में जुटी पुलिस

Share

- Advertisement -

Bhopal News: भोपाल स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेस्ट मैनेजमेंट (आईआईएफएम) परिसर की स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) शाखा के लॉकर से पूर्व रेरा चेयरमैन एपी श्रीवास्तव की बेटियों के सोने के जेवर गायब होने का मामला सामने आया है। गुरुवार को जब श्रीवास्तव दुबई से आई अपनी बेटी सुरभि के साथ लॉकर खोलने पहुंचे, तो अंदर रखे गहने गायब मिले। सूचना मिलने पर कमलानगर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार को लॉकर खोलते समय चाबी अटक रही थी। काफी मशक्कत के बाद जब लॉकर खुला, तो उसके अंदर रखे जेवर नहीं मिले। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम बैंक शाखा पहुंची। प्रारंभिक जांच के दौरान लॉकर के हैंडल पर किसी के फिंगरप्रिंट नहीं मिले हैं। अब पुलिस बैंक परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगालने की तैयारी कर रही है।

दिसंबर 2024 में अलॉट कराया था संयुक्त लॉकर

पूर्व रेरा चेयरमैन एपी श्रीवास्तव ने बताया कि उन्होंने 13 दिसंबर 2024 को अपनी दोनों बेटियों सुरभि और श्रुति के नाम पर एसबीआई की इस शाखा में संयुक्त रूप से लॉकर अलॉट कराया था। इसके लिए वे सालाना 2,380 रुपये किराया चुकाते थे। सुरभि दुबई में रहती हैं, जबकि दूसरी बेटी श्रुति बेंगलुरु में रहती हैं।

श्रीवास्तव ने दावा किया है कि लॉकर में रखे गए जेवरों की तस्वीरें भी उनके पास सुरक्षित हैं। चूंकि लॉकर संयुक्त खाते के तहत है, इसलिए परिवार ने दूसरी बेटी श्रुति को भी बेंगलुरु से भोपाल बुलाया है, ताकि उनसे भी आवश्यक जानकारी ली जा सके।

लिखित शिकायत का इंतजार कर रही पुलिस

कमलानगर थाना प्रभारी निरूपा पांडे ने बताया कि गुरुवार को फोन पर सूचना प्राप्त होने के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी और जांच के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। थाना प्रभारी के मुताबिक, इस मामले में अब तक पीड़ित पक्ष की ओर से न तो कोई लिखित शिकायत दी गई है और न ही औपचारिक रूप से केस दर्ज किया गया है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News