New Delhi News: रामायण रिसर्च काउंसिल ने छठ पूजा के अवसर पर देशभर की प्रेरणादायी महिलाओं को सम्मानित करने के लिए ‘श्रीसीता-सम्मान’ अभियान की शुरुआत की है। इस पहल के तहत विभिन्न राज्यों के प्रत्येक जिले में जाकर समाज सेवा, महिला सशक्तीकरण, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। अभियान का पहला भव्य आयोजन 14 दिसंबर को सीता-राम विवाह पंचमी के अवसर पर दिल्ली में किया जाएगा।
काउंसिल के महासचिव कुमार सुशांत ने अभियान की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं के संघर्ष, उनकी उपलब्धियों और प्रेरणादायी जीवन प्रसंगों को समाज के सामने लाना है। इसके लिए सम्मान समारोह के साथ-साथ ऑनलाइन और ऑफलाइन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
‘भारत की वीर-पुत्रियां’ पुस्तक का होगा प्रकाशन
अभियान के तहत चयनित महिलाओं के जीवन और आदर्शों पर आधारित पुस्तकों के प्रकाशन की भी योजना बनाई गई है। इसी कड़ी में ‘भारत की वीर-पुत्रियां’ शीर्षक से एक पुस्तक तैयार की गई है, जिसके आगामी समय में कई संस्करण प्रकाशित किए जाएंगे। काउंसिल का मानना है कि इन पुस्तकों के माध्यम से नई पीढ़ी को देश की प्रेरणादायी महिलाओं के जीवन और समाज में उनके योगदान से परिचित कराया जा सकेगा।
सांस्कृतिक चेतना और महिला सम्मान को जोड़ने का प्रयास
रामायण रिसर्च काउंसिल के बोर्ड ऑफ ट्रस्टी के अध्यक्ष और उत्तराखंड से सांसद अजय भट्ट ने कहा कि इस अभियान को देशभर में व्यापक स्वरूप देने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं के सम्मान और उनके कार्यों को उचित पहचान दिलाने के उद्देश्य से ही यह पहल शुरू की गई है।
काउंसिल के अनुसार, इस अभियान को संतों का मार्गदर्शन और आशीर्वाद भी प्राप्त है। संस्था पहले से ही देश के विभिन्न हिस्सों में ‘श्रीजानकी कथा’ का आयोजन कर रही है। अब ‘श्रीसीता-सम्मान’ अभियान के माध्यम से महिला सम्मान और सांस्कृतिक चेतना को एक साथ जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।