Munger News: छठ महापर्व को लेकर मुंगेर जिले के तारापुर स्थित बदुआ नदी तट पर तैयारियां जोरों पर हैं। नदी में पानी कम होने के कारण स्थानीय ग्रामीणों ने श्रमदान कर मिट्टी और पत्थरों की मदद से ढाई से तीन हजार अस्थायी व कृत्रिम घाट तैयार किए हैं, जिन्हें आकर्षक जिग-जैग आकार दिया गया है।
मुंगेर के तारापुर में बदुआ नदी के किनारे छठ व्रतियों की सुविधा के लिए बड़े स्तर पर अस्थायी घाटों का निर्माण किया जा रहा है। ग्रामीण कहीं फावड़े से मिट्टी काटकर तो कहीं पत्थरों को एक के ऊपर एक सजाकर अर्घ्य देने के लिए सुरक्षित स्थान बना रहे हैं। इन घाटों को जिग-जैग (टेढ़े-मेढ़े) डिजाइन में तैयार किया गया है, ताकि कम पानी में भी अधिक से अधिक श्रद्धालु आसानी से खड़े होकर सूर्य देव को अर्घ्य दे सकें।
जलस्तर घटने के बाद ग्रामीणों ने संभाली जिम्मेदारी
स्थानीय लोगों के अनुसार, पहले नदी में पर्याप्त पानी रहने के कारण श्रद्धालु प्राकृतिक घाटों पर ही छठ पूजा करते थे। लेकिन इस बार बालू के अत्यधिक उत्खनन और नदी का जलस्तर घटने से प्राकृतिक घाटों पर पानी की कमी हो गई है। इस समस्या के समाधान के लिए ग्रामीणों ने स्वयं जिम्मेदारी संभाली और सामूहिक श्रमदान से नदी की धारा के करीब कृत्रिम घाटों की कतार तैयार कर दी।
दुर्गा पूजा के बाद से चल रही है तैयारी
स्थानीय निवासियों ने बताया कि इन घाटों के निर्माण की प्रक्रिया दुर्गा पूजा समाप्त होने के बाद ही शुरू हो जाती है। इस वर्ष करीब ढाई से तीन हजार अस्थायी घाट बनाए जा रहे हैं। बदुआ नदी के इस तट पर तारापुर के अलावा आसपास के कई क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। लोगों का कहना है कि एक छठ व्रती के साथ 10 से 20 परिजन और रिश्तेदार घाट पर आते हैं, जिससे पर्व के दौरान यहां भारी भीड़ जुटती है।
नगर पंचायत के प्रति नाराजगी, युवाओं ने संभाला मोर्चा
घाट निर्माण और साफ-सफाई को लेकर ग्रामीणों में तारापुर नगर पंचायत प्रशासन के प्रति नाराजगी भी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन की ओर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिल रहा है और सफाई से लेकर घाट बनाने तक का अधिकांश कार्य वे अपने स्तर पर ही कर रहे हैं।
आस्था और सामूहिक प्रयास के बीच गांव के युवाओं की टोली दिन-रात घाटों को संवारने में जुटी है। घाटों और रास्तों की सफाई के साथ महिलाओं के लिए अस्थायी चेंजिंग रूम बनाए गए हैं। आयोजकों के अनुसार, अगले एक से दो दिनों में सभी घाटों पर रोशनी की व्यवस्था भी पूरी कर ली जाएगी, ताकि अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने में श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो।