दिवाली प्रदूषण पर उठे सवालों पर बोले सीएम योगी, सिस्टम प्रदूषित करने वालों पर कोई नहीं बोलता; 1146 कनिष्ठ सहायकों को बांटे नियुक्ति पत्र

Share

- Advertisement -

Lucknow News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिवाली पर आतिशबाजी से होने वाले प्रदूषण को लेकर उठ रहे सवालों पर कहा कि जिन्होंने पूरे सिस्टम को भ्रष्ट कारनामों से प्रदूषित किया, उन पर कोई नहीं बोलता। लखनऊ में 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरण और कृषक दुर्घटना कल्याण योजना की सहायता राशि जारी करते हुए उन्होंने पिछली सरकारों में भर्तियों में भेदभाव और भ्रष्टाचार पर भी कड़ा प्रहार किया।

लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा राजस्व विभाग के लिए चयनित 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति-पत्र वितरित किए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को 215 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता राशि का वितरण किया। इस अवसर पर उन्होंने त्योहारों, प्रदूषण और पूर्ववर्ती सरकारों की कार्यशैली पर विस्तार से अपनी बात रखी।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने दिवाली के बाद प्रदूषण पर उठ रहे सवालों पर कहा, “आप लोगों ने दीपावली मनाई और बहुत सारे लोग कह रहे हैं कि इससे प्रदूषण हो गया। हमने कहा कि प्रदूषण हो गया तो समाप्त भी हो जाएगा। काहें चिंता कर रहे हो।” उन्होंने आगे कहा कि जिन लोगों ने अपने भ्रष्ट कारनामों से पूरे सिस्टम को प्रदूषित किया, उनको कोई नहीं बोलता, लेकिन पब्लिक एक दिन आतिशबाजी कर ले तो प्रदूषण हो गया। उन्होंने कहा कि लोगों ने पूरे धूम-धड़ाके के साथ दीपावली मनाई, यह देखकर अच्छा लगा और सरकार ने इस पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया था।

पूर्ववर्ती सरकारों और कानून व्यवस्था पर निशाना

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि सपा शासनकाल में दंगाइयों का काल मानी जाने वाली यूपी पीएसी की 34 कंपनियों को समाप्त कर दिया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के चार बार के कालखंड में उत्तर प्रदेश में 1500 दंगे हुए और महीनों तक कर्फ्यू लगा रहता था। उन्होंने वर्तमान स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि अब शांति व्यवस्था सुदृढ़ है और त्योहारों पर बाजारों में पूरी चहल-पहल रहती है।

भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और मुन्ना भाई का जिक्र

मुख्यमंत्री ने चयनित अभ्यर्थियों से संवाद करते हुए पूछा कि क्या चयन प्रक्रिया में उन्हें किसी सिफारिश, पैसे के लेन-देन या सत्यापन में कोई कठिनाई का सामना करना पड़ा। अभ्यर्थियों द्वारा ‘ना’ में उत्तर दिए जाने पर उन्होंने कहा कि यही पारदर्शी व्यवस्था उत्तर प्रदेश की समृद्धि का आधार है। उन्होंने कहा कि पहले जब प्रतिभा को अवसर नहीं मिलता था तो युवा पलायन करने को मजबूर होता था।

सपा और कांग्रेस पर भर्ती आयोगों में भाई-भतीजावाद करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि 2017 से पहले भर्ती प्रक्रियाओं में गड़बड़ियां आम थीं, परीक्षा कोई और देता था और नियुक्ति पत्र किसी और को मिलता था। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारें केवल विवाद खड़ा करती थीं, जबकि वर्तमान सरकार समाधान निकालने पर काम कर रही है।

रोवर तकनीक से पैमाइश और युवाओं की सुरक्षा

राजस्व विभाग के आधुनिकीकरण पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब जमीनों की पैमाइश Rover Technology के माध्यम से की जा रही है, जिससे एकदम सटीक पैमाइश सुनिश्चित हुई है। प्रदेश की सभी तहसीलों में रोवर मशीनें उपलब्ध करा दी गई हैं ताकि गरीब को उसका हक मिल सके। उन्होंने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर जेल भेजा जाएगा।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News