हिमाचल प्रदेश में दिवाली के दिन ERSS-112 ने रचा इतिहास, एक ही दिन में संभाली रिकॉर्ड 586 आपातकालीन घटनाएं

Share

- Advertisement -

Shimla News: दीपावली के पावन अवसर पर हिमाचल प्रदेश पुलिस की आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। प्रदेश में इमरजेंसी रिस्पॉन्स सपोर्ट सिस्टम-112 (ERSS-112) ने दीपावली के एक ही दिन में अब तक की सर्वाधिक 586 आपातकालीन घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई करते हुए लोगों तक सहायता पहुंचाई।

आग की 187 घटनाओं सहित दर्ज हुईं रिकॉर्ड कॉल्स

पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, दीपावली के दिन प्रदेशभर में आपातकालीन सेवाओं पर सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक दबाव रहा। पटाखों और अन्य कारणों से आग से जुड़ी 187 घटनाओं के अलावा विभिन्न प्रकार की अन्य आपात स्थितियों से संबंधित कॉल्स भी ईआरएसएस-112 को प्राप्त हुईं।

इतनी भारी संख्या में आपातकालीन घटनाओं और कॉल्स के आने के बावजूद पुलिस ने महज 3 मिनट 37 सेकंड के औसत इवेंट रिस्पांस टाइम के साथ मौके पर पहुंचकर लोगों की मदद की। इन सभी मामलों की रियल टाइम मॉनिटरिंग करते हुए तुरंत संबंधित इमरजेंसी रिस्पांस यूनिट को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया था। कॉल प्राप्त होने से लेकर संबंधित टीम को मौके पर भेजने तक पूरी प्रक्रिया की बारीकी से निगरानी की गई।

डीजीपी अशोक तिवारी ने दी पूरी टीम को बधाई

हिमाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) अशोक तिवारी ने इमरजेंसी रिस्पांस सपोर्ट सिस्टम-112 से जुड़े कॉल टेकर्स, डिस्पैचर्स, सुपरवाइजर्स और फील्ड स्तर पर तैनात सभी कर्मचारियों को इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी है।

डीजीपी ने कहा कि जब प्रदेशभर के लोग अपने परिवारों के साथ दीपावली का आनंद ले रहे थे, उस समय पुलिस और आपातकालीन सेवाओं से जुड़े कर्मचारी आम जनता की सुरक्षा के लिए पूरी मुस्तैदी से अपनी ड्यूटी निभा रहे थे। एक दिन में रिकॉर्ड 586 आपात स्थितियों को संभालते हुए इतने कम समय में मदद पहुंचाना टीम की उच्च स्तर की प्रतिबद्धता, पेशेवर क्षमता और बेहतरीन आपसी तालमेल का परिणाम है।

नागरिक केंद्रित सेवाओं को और मजबूत करने पर जोर

पुलिस मुख्यालय का कहना है कि किसी भी आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली की सफलता केवल इस बात से तय नहीं होती कि उसने कितनी कॉल्स संभालीं, बल्कि इस बात से आंकी जाती है कि जरूरत के समय नागरिकों तक कितनी तेजी और प्रभावी तरीके से सहायता पहुंचाई गई।

हिमाचल पुलिस ERSS-112 को और अधिक भरोसेमंद, तेज और नागरिक केंद्रित बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। पुलिस प्रशासन ने प्रदेश के नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति या संकट के समय तुरंत 112 नंबर डायल करें। यह आपातकालीन सेवा साल के सातों दिन और 24 घंटे लगातार उपलब्ध रहती है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News