India News: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, देश के 9 राज्यों में बारिश होने की संभावना है। पूर्वोत्तर के 7 राज्यों के अलावा हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में कुछ जगहों पर बारिश के आसार हैं। वहीं, तमिलनाडु और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
पूर्वोत्तर और पहाड़ी राज्यों में मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वोत्तर के 7 राज्यों—अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।
अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 10 से 14 नवंबर तक कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और अंडमान-निकोबार में मौसम खराब रहने की आशंका जताई गई है, जबकि देश के बाकी हिस्सों में किसी बड़े मौसमी बदलाव का अनुमान नहीं है।
उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान में शुष्क रहेगा मौसम
उत्तर प्रदेश में मंगलवार को मौसम पूरी तरह शुष्क रहने का अनुमान है। आईएमडी के मुताबिक, प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में बारिश की कोई संभावना नहीं है और आसमान साफ रहेगा। हालांकि, नवंबर का दूसरा सप्ताह शुरू होने से सुबह और रात के तापमान में गिरावट आ रही है, जिससे हल्की ठंड का अहसास हो रहा है।
बिहार में भी 10 नवंबर को बारिश की कोई संभावना नहीं है। सात दिनों के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य का मौसम शुष्क रहेगा और आसमान साफ रहने से दिन में धूप खिली रहेगी। राजस्थान में भी मौसम साफ और शुष्क बने रहने के आसार हैं।
दिल्ली और पहाड़ी राज्यों में कैसा रहेगा हाल
दिल्ली में मंगलवार को आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रह सकता है और सुबह के समय मध्यम कोहरा छाने का अनुमान है। राजधानी का अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 12 और 13 नवंबर को नए पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल सकता है, जिसके चलते पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां बढ़ सकती हैं तथा तेज हवाएं चल सकती हैं।