Madhya Pradesh News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गोवर्धन पूजा के अवसर पर भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित राज्य स्तरीय गौ-पूजन एवं पशुपालक सम्मान समारोह में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश भर के उत्कृष्ट पशुपालकों और पंजीकृत गोशालाओं को करोड़ों रुपये की अनुदान राशि अंतरित की। साथ ही प्रदेश में प्रतिवर्ष 1 लाख गोवंश भ्रूण तैयार करने के लिए 50 एकड़ में नए प्रोजेक्ट की घोषणा की।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 9 नवंबर को भोपाल स्थित रवींद्र भवन में आयोजित राज्य स्तरीय गौ-पूजन एवं पशुपालक सम्मान समारोह में विधि-विधान से गोवर्धन पूजा की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना 2026-27 के 466 विजयी पशुपालकों के खातों में 2 करोड़ 95 लाख रुपये की पुरस्कार राशि सीधे ट्रांसफर की। इसके साथ ही, प्रदेश की 3 हजार पंजीकृत गोशालाओं में संरक्षित 5.51 लाख निराश्रित गोवंश के भरण-पोषण के लिए 65 करोड़ 66 लाख रुपये की अनुदान राशि जारी की गई।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पशुपालन एवं डेयरी विकास पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया और चयनित पशुपालकों को प्रमाण-पत्र व पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने बताया कि गोशालाओं के लिए प्रति गाय अनुदान राशि 20 रुपये से बढ़ाकर 40 रुपये कर दी गई है, जिसका लाभ निजी स्तर पर संचालित मान्यता प्राप्त गोशालाओं को भी मिलेगा।
50 एकड़ में लगेगा भ्रूण प्रत्यर्पण प्रोजेक्ट
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर जोर दिया। उन्होंने घोषणा की कि गिर और साहीवाल जैसी उन्नत नस्लों तथा निराश्रित गोवंश के संवर्धन के लिए भ्रूण प्रत्यर्पण (Embryo Transfer) तकनीक अपनाई जा रही है। इसके तहत प्रतिवर्ष एक लाख गोवंश भ्रूण तैयार करने के लिए 50 एकड़ क्षेत्र में एक विशेष प्रोजेक्ट स्थापित किया जाएगा, जिसकी सैद्धांतिक मंजूरी केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह द्वारा दी जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश को दुग्ध उत्पादन में देश के तीसरे स्थान से शीर्ष पायदान पर पहुंचाने के लिए ‘श्वेत क्रांति-2’ की दिशा में काम किया जा रहा है। इसी क्रम में डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के अंतर्गत 25 दुधारू पशुओं की डेयरी इकाई स्थापित करने पर लगभग 42 लाख रुपये की लागत में 30 प्रतिशत (करीब 13.86 लाख रुपये) का अनुदान दिया जा रहा है।
संस्कृति, तीर्थाटन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार केवल कानून-व्यवस्था और इंफ्रास्ट्रक्चर तक सीमित न रहकर समाज और संस्कृति से जुड़कर कार्य कर रही है। राज्य के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में ‘वृंदावन गांव’ और शहरी क्षेत्रों में ‘गीता भवन’ स्थापित किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ओरछा में 400 करोड़ और चित्रकूट में 2,000 करोड़ रुपये के विकास कार्य प्रगति पर हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि खेती के साथ पशुपालन, मत्स्य पालन और बकरी पालन किसानों की आय को सुरक्षित रखने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को आत्मनिर्भर बनाने के सबसे मजबूत साधन हैं। उन्नत नस्ल के पशुओं और नई तकनीकों के प्रसार के लिए राज्य स्तर पर व्यापक पशु मेलों का आयोजन भी किया जाएगा।