साइबर हब पर वाहन चालक से दिवाली गिफ्ट मांगना पड़ा भारी, वीडियो वायरल होने के बाद होमगार्ड पर FIR दर्ज

Share

- Advertisement -

Gurugram News: साइबर हब के पास ट्रैफिक बूथ पर तैनात एक होमगार्ड द्वारा वाहन चालक से जबरन दिवाली गिफ्ट मांगने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। विभाग ने सख्त संज्ञान लेते हुए आरोपी होमगार्ड के खिलाफ जबरन वसूली की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

साइबर हब के समीप तैनात होमगार्ड ओमकार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसमें वह एक ब्लॉगर की गाड़ी रुकवाकर उपहार की मांग करता दिखा। वीडियो के व्यापक प्रसार के बाद ट्रैफिक इंस्पेक्टर महाबीर की शिकायत पर डीएलएफ फेज-3 थाने में आरोपी होमगार्ड के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2) (जबरन वसूली/उगाही) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

गाड़ी रुकवाकर की थी गिफ्ट की मांग

घटना 7 नवंबर की बताई जा रही है, जब एक ब्लॉगर अपने परिवार के साथ साइबर हब के पास से गुजर रहे थे। ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड ने उनकी गाड़ी को किनारे लगवाया और बार-बार ‘हैप्पी दिवाली’ बोलकर अप्रत्यक्ष रूप से रुपयों की मांग करने लगा। ब्लॉगर द्वारा वॉलेट न होने की बात कहे जाने पर आरोपी ने तंज कसा कि गाड़ी में बैठे अन्य लोगों के पास भी वॉलेट नहीं है क्या।

इसके बाद जब ब्लॉगर ने यूपीआई से भुगतान की पेशकश की तो होमगार्ड ने नकद राशि पर जोर देते हुए मना कर दिया। अंततः ब्लॉगर ने गाड़ी में रखा एक गिफ्ट हैंपर देने की बात कही।

कार के कैमरों में कैद हुई पूरी हरकत

जब ब्लॉगर की बहन उसे गिफ्ट हैंपर देने लगी, तो होमगार्ड गाड़ी में रखे अन्य गिफ्ट हैंपर भी टटोलने लगा और मनपसंद उपहार मांगने की जिद करने लगा। ब्लॉगर द्वारा ऐतराज जताने पर उसने दिए गए गिफ्ट को अनमने ढंग से लिया और ‘सूखी-सूखी दिवाली’ जैसी टिप्पणी की। यह पूरा घटनाक्रम कार में लगे कैमरों में रिकॉर्ड हो गया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर साझा किया गया।

पुलिस ने वीडियो कब्जे में लेकर शुरू की जांच

वीडियो के सार्वजनिक होते ही उच्चाधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया। ट्रैफिक इंस्पेक्टर की शिकायत पर दर्ज एफआईआर के बाद पुलिस ने संबंधित वीडियो फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विभागीय अनुशासनहीनता और आमजन से अवैध उगाही के मामले में नियमानुसार आगामी वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News