New Delhi News: अंडर-19 एशिया कप 2026 में पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में भारतीय टीम के पूर्व दिग्गजों के बेटे अन्वय द्रविड़ और आर्यवीर सहवाग बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे। अन्वय 10 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, अर्जुन राजपूत के 107 रनों के शतक के दम पर भारतीय टीम ने 208 रन बनाए।
अंडर-19 एशिया कप 2026 के ग्रुप चरण में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज क्रिकेटरों के बेटे उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके। पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग पारी की शुरुआत करने उतरे, जबकि राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ मध्यक्रम में बल्लेबाजी के लिए आए। दबाव भरे इस मुकाबले में दोनों ही खिलाड़ी लंबी पारी खेलने में नाकाम रहे।
नेपाल के खिलाफ पिछले मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाले आर्यवीर इस मैच में लय बरकरार नहीं रख सके। वहीं, नेपाल के खिलाफ बल्लेबाजी का मौका नहीं पाने वाले अन्वय द्रविड़ के पास मुश्किल हालात में खुद को साबित करने का मौका था। दूसरे छोर से लगातार गिरते विकेटों के दबाव के बीच अन्वय 16 गेंदों पर केवल 10 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 62.50 का रहा।
अर्जुन राजपूत के शतक से संभली टीम इंडिया
शीर्ष और मध्यक्रम के लड़खड़ाने के बाद अर्जुन राजपूत ने जिम्मेदारी संभाली और संकटमोचक बनकर उभरे। अर्जुन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 85 गेंदों में 107 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। उनकी इस शतकीय पारी की बदौलत भारतीय टीम एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने में सफल रही।
भारतीय टीम 208 रनों पर सिमटी
मुकाबले में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। हालांकि, नई गेंद से पाकिस्तानी तेज गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबाव बना दिया और भारतीय टीम को नियमित अंतराल पर झटके दिए। लगातार विकेट गिरने के चलते पूरी भारतीय टीम 46.3 ओवर में 208 रन बनाकर सिमट गई।
पाकिस्तान की ओर से रिजवानुल्लाह, अली रजा और निकाब शफीक ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट हासिल किए, जबकि मोहम्मद सय्यम को 1 विकेट मिला। उल्लेखनीय है कि दोनों टीमों ने टूर्नामेंट में अपने-अपने शुरुआती मुकाबलों में जीत दर्ज की थी।