सैंडपेपरगेट विवाद पर डेविड वार्नर का बड़ा बयान, उस्मान ख्वाजा के दावे को बताया ‘100 फीसदी सच’

Share

- Advertisement -

Brisbane News: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर ने 2018 के बहुचर्चित ‘सैंडपेपरगेट’ विवाद पर साथी खिलाड़ी उस्मान ख्वाजा के दावों का पूर्ण समर्थन किया है। ख्वाजा ने अपनी आगामी किताब में पूरी टीम की संलिप्तता का संकेत देते हुए केवल तीन खिलाड़ियों को बलि का बकरा बनाए जाने की बात कही थी, जिसे वार्नर ने सच करार दिया।

ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर ने 2018 के केपटाउन टेस्ट में हुए गेंद से छेड़छाड़ विवाद (सैंडपेपरगेट) को लेकर बड़ा बयान दिया है। वार्नर ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए साथी क्रिकेटर उस्मान ख्वाजा के उस दावे को पूरी तरह सही ठहराया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि सैंडपेपरगेट मामले में सिर्फ तीन खिलाड़ियों को बलि का बकरा बनाया गया था, जबकि गलती पूरी टीम की थी।

इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी कर उस्मान ख्वाजा का जताया आभार

उस्मान ख्वाजा की जल्द प्रकाशित होने वाली आत्मकथा के कुछ अंश सामने आने के बाद डेविड वार्नर ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया। वार्नर ने कहा, “आपने जो कुछ कहा है, वह शत-प्रतिशत सही है। इस विषय पर बात किए हुए मुझे आठ साल बीत चुके हैं। उज्जी (ख्वाजा), मैं पूरी तरह आपके साथ हूं और आपने जो रुख अपनाया है, उसके लिए आपका धन्यवाद। अब सच्चाई सबके सामने आ चुकी है। लोग इसे जानना चाहते थे और आपने सामने आकर अपनी बात रखी।”

वार्नर ने आगे कहा कि वह दौर उनके परिवार, स्टीव स्मिथ और कैमरन बैनक्रॉफ्ट के लिए काफी चुनौतीपूर्ण था, लेकिन यह सच सामने आना आवश्यक था।

2018 में केपटाउन टेस्ट के दौरान हुआ था सैंडपेपरगेट विवाद

यह विवाद मार्च 2018 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन में खेले गए टेस्ट मैच के दौरान हुआ था। मैच के दौरान मेजबान प्रसारक के कैमरों ने ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी कैमरन बैनक्रॉफ्ट को गेंद की सतह खुरदरी करने के लिए रेगमाल (सैंडपेपर) का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा था।

घटना के बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने जांच की और तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ और उपकप्तान डेविड वार्नर पर 1-1 साल का प्रतिबंध लगाया था, जबकि बैनक्रॉफ्ट को 9 महीने के लिए निलंबित किया गया था। यह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट इतिहास में गेंद से छेड़छाड़ को लेकर की गई सबसे सख्त प्रशासनिक कार्रवाइयों में से एक थी।

8 साल बाद टीम की संलिप्तता पर फिर छिड़ी बहस

विगत आठ वर्षों के दौरान क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया, तत्कालीन टीम प्रबंधन और अन्य खिलाड़ियों ने हमेशा इस बात से इनकार किया था कि गेंद से छेड़छाड़ की योजना में पूरी टीम या गेंदबाज शामिल थे।

हालांकि, उस्मान ख्वाजा की किताब के खुलासे और अब डेविड वार्नर के सीधे समर्थन ने इस मामले को दोबारा चर्चा में ला दिया है। वार्नर के इस बयान से यह संकेत मिलता है कि उस घटना की जानकारी सिर्फ उन तीन खिलाड़ियों तक सीमित नहीं थी, जिन्हें अनुशासनात्मक कार्रवाई का सामना करना पड़ा था।

Read more

Related News