Mumbai News: बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ के भारी बजट और वीएफएक्स को लेकर चल रही चर्चाओं पर अपनी राय रखी है। मुंबई में अपनी फिल्म ‘मातृभूमि’ के ट्रेलर लॉन्च पर उन्होंने कहा कि चर्चा फिल्म के बजट या तकनीक पर नहीं, बल्कि उसकी मूल कहानी और किरदारों पर होनी चाहिए।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘रामायण’ इन दिनों चर्चा के केंद्र में है। 4000 करोड़ रुपये के बजट में दो हिस्सों में तैयार की जा रही इस फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर को रिलीज हुआ, जिसे दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिल रही है। रिलीज के बाद से ही सिनेमा जगत में फिल्म के भारी बजट और स्पेशल इफेक्ट्स (VFX) को लेकर लगातार बातचीत हो रही है। अब इस मुद्दे पर अभिनेता सलमान खान का बयान सामने आया है।
मुंबई में आयोजित अपनी आगामी फिल्म ‘मातृभूमि’ के ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम के दौरान सलमान खान ने मीडिया से बातचीत करते हुए इस विषय पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि किसी भी महाकाव्य पर आधारित फिल्म की पहचान उसके बजट या तकनीकी तामझाम से नहीं, बल्कि उसकी कथा और संदेश से तय होनी चाहिए।
बजट और तकनीक से ज्यादा कहानी महत्वपूर्ण
सलमान खान ने फिल्म को लेकर बने मौजूदा माहौल पर टिप्पणी करते हुए कहा, “मेरा मानना है कि रामायण की चर्चा रामायण पर होनी चाहिए, न कि वीएफएक्स और प्रोडक्शन के बजट पर। मुझे लगता है कि जो माहौल बना हुआ है कि 4000 करोड़ की फिल्म है और वीएफएक्स, वीएफएक्स, वीएफएक्स… मुझे वह सही नहीं लगता। मुझे लगता है कि रामायण की चर्चा फिल्म की कहानी रामायण की वजह से होनी चाहिए।”
उन्होंने आगे कहा कि दर्शकों और समीक्षकों का ध्यान फिल्म के तकनीकी पहलुओं के बजाय उसके मुख्य विषय, मूल भावना और किरदारों पर केंद्रित होना चाहिए।
फिल्म की स्टारकास्ट और सलमान की आगामी फिल्म
फिल्म ‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम के किरदार में नजर आ रहे हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता की भूमिका निभा रही हैं। इसके अलावा अभिनेता यश रावण के किरदार में हैं। फिल्म में भगवान हनुमान की भूमिका सनी देओल और लक्ष्मण का किरदार रवि दुबे निभा रहे हैं।
वहीं, सलमान खान इन दिनों अपनी फिल्म ‘मातृभूमि’ को लेकर सुर्खियों में हैं। अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह के साथ बनी यह फिल्म लंबे समय से अटकी हुई थी, जो अब जल्द ही रिलीज के लिए तैयार है।