ऊना के अंब-अंदौरा स्टेशन पर दर्दनाक हादसा, चलती ट्रेन में चढ़ते समय प्रवासी मजदूर की कटी टांग; PGI रेफर

Share

- Advertisement -

Una News: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में स्थित अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां चलती गुरुमुखी एक्सप्रेस ट्रेन में चढ़ने का प्रयास करते समय एक प्रवासी मजदूर का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिरकर ट्रेन की चपेट में आ गया। इस भीषण हादसे में मजदूर की एक टांग कटकर शरीर से अलग हो गई। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।

दीवाली और छठ पूजा के त्योहार पर घर जाने की खुशी उस समय मातम में बदल गई, जब बिहार निवासी एक प्रवासी श्रमिक हादसे का शिकार हो गया। घायल की पहचान 45 वर्षीय मुख्त्यार महतो पुत्र दरोगा महतो, निवासी पूर्वी चंपारण (बिहार) के रूप में हुई है। वह पंजाब के नंगल क्षेत्र में दिहाड़ी मजदूरी का काम करता है और त्योहारों पर अपने घर लौटने के लिए अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन पहुंचा था।

खाली सीट की होड़ में बिगड़ा संतुलन, पहियों के नीचे आया पैर

रेलवे पुलिस चौकी ऊना के प्रभारी सब-इंस्पेक्टर सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि स्टेशन पर खाली ट्रेन में सीट हासिल करने की जल्दी में मुख्त्यार महतो चलती गुरुमुखी एक्सप्रेस में चढ़ने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे पटरी पर गिरकर ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी एक टांग पूरी तरह कट गई।

हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों और रेलवे पुलिस की मदद से उसे तुरंत सिविल अस्पताल अंब पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देकर उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घायल मजदूर के परिजनों को इस अप्रिय घटना की सूचना दे दी गई है और पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News