सिरमौर में दर्दनाक सड़क हादसा: शिलाई में खाई में गिरी कार, एसडीएम कार्यालय के रीडर और उनके बेटे की मौत

Share

- Advertisement -

Sirmaur News: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के शिलाई क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। कांडो-भटनोल गांव के समीप एक ब्रेजा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे एसडीएम कार्यालय शिलाई में रीडर के पद पर तैनात सोहन सिंह और उनके आठ वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

कार दुर्घटना में बाल-बाल बची 10 वर्षीय बेटी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 1 नवंबर की रात करीब 11:30 बजे शिलाई थाना को कांडो-भटनोल गांव के पास कार (HP85-0365) के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली थी। हादसे के बाद कार में सवार सोहन सिंह (40) पुत्र हीरा सिंह (निवासी गांव कमोटा, तहसील शिलाई) और उनके बेटे शिवांशु ठाकुर की जान चली गई। वहीं, उनकी करीब 10 वर्षीय बेटी अन्वी ठाकुर घटनास्थल पर नहीं मिली, जिसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने रात में ही तलाश शुरू कर दी। काफी मशक्कत के बाद बच्ची घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर सुरक्षित हालत में मिल गई, हालांकि उसे हल्की चोटें आई हैं।

पुलिस जांच में जुटी, शवों का हुआ पोस्टमार्टम

बताया जा रहा है कि मृतक सोहन सिंह एसडीएम कार्यालय में रीडर थे, जबकि उनकी पत्नी शिलाई में पुलिस कांस्टेबल के पद पर कार्यरत हैं। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल शिलाई और पांवटा साहिब भेज दिया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी गहन जांच की जा रही है और शिलाई थाना में आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News