Kangra News: हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा है कि देश के सभी विधायी निकायों के कार्य संचालन एवं प्रक्रिया के नियमों का एक समान प्रारूप तैयार करने की दिशा में काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हालांकि छोटे और बड़े राज्य विधानमंडलों में एक जैसे नियम बनाकर कार्य संचालन करना पूरी तरह संभव नहीं है, लेकिन दिसंबर में मुंबई में होने वाली पीठासीन अधिकारियों की समिति की अगली बैठक में इस पर किसी ठोस निष्कर्ष पर पहुंचने का प्रयास किया जाएगा, ताकि मसौदा रिपोर्ट को जल्द अंतिम रूप दिया जा सके।
दिल्ली से लौटने के बाद गगल एयरपोर्ट पर दी जानकारी
12वें ब्रिक्स संसदीय मंच और पीठासीन अधिकारियों की समिति की बैठक में हिस्सा लेने के बाद दिल्ली से लौटने पर स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया ने कांगड़ा जिला के गगल एयरपोर्ट पर यह बात कही। इसके बाद वह सड़क मार्ग से अपने गृह क्षेत्र के लिए रवाना हो गए। उन्होंने संसदीय मंच में विशेष तौर पर आमंत्रित करने के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का विशेष रूप से धन्यवाद किया। इसके साथ ही उन्होंने दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता का भी पीठासीन अधिकारियों की शानदार बैठक आयोजित करने के लिए आभार व्यक्त किया।
ब्रिक्स संसदीय मंच का अनुभव रहा अनोखा
कुलदीप सिंह पठानिया ने ब्रिक्स संसदीय मंच में भाग लेने के अपने अनुभव को बेहद अनोखा बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के वैश्विक और राष्ट्रीय आयोजन देश-दुनिया के बीच विचारों में एकरूपता लाने का बड़ा प्रयास करते हैं। ऐसे सम्मेलनों से न केवल आपसी सद्भावना बढ़ती है, बल्कि अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी के माध्यम से एक-दूसरे देश की संस्कृति और सभ्यता को नजदीक से समझने का अवसर भी प्राप्त होता है।