Kullu News: लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भगवान श्री रघुनाथ जी के अस्थायी शिविर में विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया और पूर्व सांसद महेश्वर सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान ज्येष्टा वार्ड की जिला परिषद सदस्य विभा सिंह ने त्रेड़ा पुल का मुद्दा उठाया, जिस पर मंत्री ने जल्द टेंडर प्रक्रिया शुरू करने का ठोस आश्वासन दिया।
हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कुल्लू प्रवास के दौरान भगवान श्री रघुनाथ जी के अस्थायी शिविर में पहुंचकर शीश नवाया और विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। रघुनाथ जी के दर्शन के बाद उन्होंने पूर्व सांसद एवं कुल्लू के पूर्व राजपरिवार के मुखिया महेश्वर सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की और मंत्री ने उनका कुशलक्षेम जाना।
जिला परिषद सदस्य ने उठाया त्रेड़ा पुल का मुद्दा
इस अवसर पर ज्येष्टा वार्ड की जिला परिषद सदस्य विभा सिंह ने लोक निर्माण मंत्री से मुलाकात कर क्षेत्र की लंबे समय से लंबित मांग को प्रमुखता से उनके समक्ष रखा। उन्होंने त्रेड़ा पुल के निर्माण को लेकर मंत्री से विस्तृत चर्चा की।
विभा सिंह ने मंत्री को अवगत करवाया कि त्रेड़ा पुल न बनने के कारण क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों, स्कूली बच्चों, किसानों और बुजुर्गों को रोजाना आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से बरसात के मौसम में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से यह समस्या और भी गंभीर रूप ले लेती है।
लोक निर्माण मंत्री ने दिया जल्द टेंडर का आश्वासन
जिला परिषद सदस्य की मांग को गंभीरता से लेते हुए लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने इस पर सकारात्मक रुख दिखाया। उन्होंने आश्वासन दिया कि त्रेड़ा पुल के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी और इस कार्य में किसी प्रकार का विलंब नहीं होने दिया जाएगा।
स्थानीय लोग त्रेड़ा पुल के निर्माण को लेकर लंबे समय से मांग कर रहे थे। मंत्री के इस ठोस आश्वासन के बाद क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है और उम्मीद जताई है कि पुल बनने से आवागमन सुगम होने के साथ क्षेत्र की आर्थिक व सामाजिक गतिविधियों को भी बल मिलेगा।