Bhagalpur News: बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया पुलिस जिले में बेखौफ अपराधियों ने चाय-नाश्ते की दुकान चलाने वाले दंपति की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के हटिया की है। दोहरे हत्याकांड से आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव उठाने से इनकार कर दिया। पुलिस जांच में जुटी है।
बिहार में भागलपुर के नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के हटिया में बेखौफ अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। गुरुवार सुबह हथियारबंद अपराधियों ने अपनी चाय-नाश्ते की दुकान में सो रहे पति-पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। इस दोहरे हत्याकांड के बाद इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है। मृतकों की पहचान स्थानीय निवासी रंजन और उनकी पत्नी किरण देवी के रूप में हुई है, जो इसी दुकान के जरिए अपने परिवार का गुजर-बसर करते थे।
स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के अनुसार, दंपति सुबह दुकान के भीतर सो रहे थे, तभी हथियारबंद बदमाशों ने वहां धावा बोल दिया। अपराधियों ने पहले रंजन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। फायरिंग की आवाज सुनकर पास स्थित घर की ओर भागने की कोशिश कर रही उनकी पत्नी किरण देवी को भी बदमाशों ने निशाना बनाया और उन्हें भी गोली मार दी। दोनों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
आक्रोशित ग्रामीणों ने शव उठाने से किया इनकार
वारदात की सूचना मिलते ही इस्माइलपुर और गोपालपुर थाने की पुलिस टीम के साथ सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सायम रजा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस के सामने कड़ा विरोध दर्ज कराया और हत्यारों की तत्काल पहचान कर गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए काफी देर तक पुलिस को शव कब्जे में लेने से रोक दिया।
परिवार ने जताई पुरानी रंजिश की आशंका, बच्ची भी लापता
मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्व पहले से ही उन्हें डराने-धमकाने का प्रयास कर रहे थे। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि दो दिन पहले मृतक के भाई की ढाई वर्षीय बच्ची भी रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई थी, जिसकी तलाश जारी है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि बच्ची के लापता होने और दंपति की हत्या के बीच कोई सीधा संबंध है या नहीं, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सहायक पुलिस अधीक्षक सायम रजा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके से साक्ष्य जुटा रही है और परिजनों से पूछताछ के आधार पर अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
