13050 फीट ऊंचे रोहतांग दर्रे में बिछी एक फीट बर्फ की चादर, बर्फीली वादियों में उमड़ा पर्यटकों का भारी हुजूम

Share

- Advertisement -

Kullu News: हिमाचल प्रदेश में 13050 फीट ऊंचे रोहतांग दर्रे की बर्फीली वादियां पर्यटकों की पहली पसंद बन गई हैं। हालिया हिमपात के बाद दर्रे में एक फीट से ज्यादा बर्फ जमी है। खूबसूरत नजारों का दीदार करने के लिए रोजाना सैकड़ों सैलानी मनाली और आसपास के पर्यटन स्थलों पर पहुंच रहे हैं।

रोहतांग दर्रे पर जाने के लिए सोमवार को कुल 973 परमिट बुक किए गए। इनमें डीजल वाहनों के तय 400 में से 399 परमिट जारी हुए। वहीं पेट्रोल वाहनों के 800 में से 574 परमिट बुक किए गए। प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों के तहत ही गाड़ियों को दर्रे की तरफ भेजा जा रहा है।

सोलंगनाला और अटल टनल में साहसिक खेलों का रोमांच

सैलानियों ने रोहतांग के साथ मढ़ी, कोकसर, सिस्सु, अटल टनल और सोलंगनाला में रोमांचक खेलों का जमकर लुत्फ उठाया। स्थानीय फोटोग्राफरों और कारोबारियों के मुताबिक दर्रे पर पर्यटकों की भारी भीड़ जुटने से कारोबार में तेजी आई है। दूर-दराज से आए लोग बर्फबारी के नजारों को कैमरों में कैद करने में व्यस्त नजर आए।

हिडिंबा मंदिर में उमड़े श्रद्धालु, दशहरा सीजन ने पकड़ी रफ्तार

पर्यटन स्थलों के साथ मनाली के ऐतिहासिक माता हिडिंबा मंदिर में भी भक्तों का तांता लगा रहा। पुजारी राकेश शर्मा ने बताया कि नवरात्रि पर मंदिर परिसर का वातावरण बेहद भक्तिमय बना रहा। देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं ने कतारों में लगकर शीश नवाया और परिवार की सुख-समृद्धि की मंगल कामना की।

होटलियर एसोसिएशन मनाली के अध्यक्ष रोशन ठाकुर ने बताया कि क्षेत्र में दशहरा सीजन तेजी से रफ्तार पकड़ रहा है। कुल्लू घाटी के सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों पर रौनक लौट आई है। आने वाले दिनों में बर्फबारी और त्योहारी छुट्टियों के चलते पर्यटकों की संख्या में और बड़ा इजाफा होने की उम्मीद है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News