Shimla News: हिमाचल प्रदेश में अगले तीन दिनों तक मौसम बिल्कुल साफ रहने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक 24 और 25 अक्टूबर को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके असर से राज्य के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और ऊंचे पहाड़ों पर बर्फबारी हो सकती है।
मौसम विभाग ने 21, 22 और 23 अक्टूबर को पूरे प्रदेश में धूप खिले रहने की संभावना जताई है। आगामी बारिश और बर्फबारी को लेकर कोई चेतावनी या अलर्ट जारी नहीं किया गया है। 26 अक्टूबर से राज्य में एक बार फिर मौसम पूरी तरह साफ हो जाएगा।
मैदानी इलाकों में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। फिलहाल राज्य में मौसम शुष्क बना हुआ है। दिन में धूप खिलने से ठंड से राहत मिल रही है, लेकिन सुबह और शाम के समय तापमान तेजी से गिर रहा है। मंगलवार को औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम दर्ज किया गया।
जनजातीय इलाकों में पारा शून्य के पास पहुंच गया है। पिछले 24 घंटों में औसत न्यूनतम तापमान में 0.3 डिग्री की गिरावट आई है। शिमला, मनाली समेत अन्य प्रमुख पर्यटक स्थलों पर सुबह से धूप खिलने के कारण दिन के समय मौसम काफी सुहावना और खुशनुमा बना हुआ है।
<h2>लाहौल स्पीति और पर्वतीय क्षेत्रों में पारा एक डिग्री से नीचे</h2>
लाहौल स्पीति जिला के ताबो में न्यूनतम तापमान सबसे कम 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा कुकुमसेरी में तापमान 0.6 डिग्री और केलांग में 0.5 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं किन्नौर के कल्पा में पारा 4 डिग्री, मनाली में 5.5 डिग्री और भुंतर में 7.5 डिग्री दर्ज हुआ।
पालमपुर और चंबा में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.2 डिग्री कम दर्ज किया गया। नाहन में तापमान 2.7 डिग्री, मंडी में 2.6 डिग्री, बिलासपुर में 2.5 डिग्री कम रहा। वहीं सुंदरनगर, भुंतर और सोलन में भी गिरावट दर्ज हुई, जबकि शिमला में तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
