हिमाचल प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की हलचल तेज, जयराम ठाकुर ने कर्ज और गारंटियों पर सुक्खू सरकार को घेरा

Share

- Advertisement -

Kangra News: हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर सियासी पारा चढ़ने लगा है। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शाहपुर में जन प्रतिनिधियों के सम्मान समारोह के दौरान कांग्रेस सरकार पर विकास कार्य रोकने, बढ़ते कर्ज और अधूरी गारंटियों को लेकर जमकर हमला बोला।

जयराम ठाकुर ने दावा किया कि स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजे भाजपा के पक्ष में आए हैं। प्रदेश की 12 जिला परिषदों में से 11 में भाजपा समर्थित अध्यक्ष बने हैं। इसके साथ ही चार नगर निगमों में से तीन में पार्टी ने शानदार जीत दर्ज करके बड़ी बढ़त हासिल की है।

स्थानीय निकाय नतीजों से 2027 में सत्ता वापसी का दावा

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भरमौर से लेकर सिरमौर तक जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन चुनावों को टालने की कोशिश हुई, जिसके चलते पार्टी को सुप्रीम कोर्ट तक जाना पड़ा था। चुनाव संपन्न होने के बाद कार्यकर्ताओं और विजयी प्रतिनिधियों का सम्मान करना बेहद जरूरी था।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए जयराम ठाकुर ने उन्हें ‘लोकप्रिय’ और ‘लोनप्रिय’ कहा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों पर ताला लगा है, इसलिए ऐसा नाम दिया गया है। पिछली सरकार के समय 69 हजार करोड़ का कर्ज अब बढ़कर लगभग 1.20 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

बढ़ते कर्ज और चुनावी टिकटों पर खुलकर रखी बात

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लगातार नए सेस और टैक्स लगा रही है, लेकिन धरातल पर काम नहीं दिख रहा। कांग्रेस के वोट चोरी के आरोपों पर उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि उसी चुनाव आयोग के तहत चुनाव जीतकर कांग्रेस सत्ता में आई थी, जिस पर अब सवाल खड़े कर रही है।

चुनावी तैयारियों का ब्योरा देते हुए उन्होंने बताया कि वे अब तक लगभग 25 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर चुके हैं। युवाओं को टिकट मिलने के सवाल पर उन्होंने भरोसा दिलाया कि नौजवानों को पार्टी में मौका दिया जाएगा, हालांकि इस पर अंतिम मुहर पार्टी हाईकमान की ओर से ही लगाई जाएगी।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News