अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी, हमले के बाद मुंबई में सलमान खान के घर बढ़ाई गई सुरक्षा

Share

- Advertisement -

Mumbai News: मुंबई के जुहू इलाके में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर रविवार शाम अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इस जानलेवा हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है। घटना के तुरंत बाद बांद्रा में अभिनेता सलमान खान के घर की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर बुलेटप्रूफ जैकेट पहने जवान तैनात कर दिए गए हैं। पुलिस के अनुसार जुहू के एक फुटबॉल क्लब से निकलते वक्त टाइगर की गाड़ी पर गोलियां चलाई गईं। अभिनेता बाल-बाल बच गए, लेकिन उनके ड्राइवर के हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गए।

राजस्थान के कोटा से पकड़े गए तीन शूटर

हमले के बाद टाइगर ने घायल ड्राइवर को खुद गाड़ी चलाकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार हमलावर काफी समय से अभिनेता की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। वारदात के बाद तेजी से एक्शन लेते हुए राजस्थान की कोटा पुलिस ने ट्रेन से तीन शूटरों को धर दबोचा है।

कोटा एसपी के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों में दो हरियाणा और एक बिहार का रहने वाला है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि इनमें से दो शूटरों ने रविवार को गोलीबारी की थी। हमलावर वारदात को अंजाम देकर बाइक छोड़कर लोकल ट्रेन के जरिए भागने की फिराक में थे।

टाइगर श्रॉफ के घर पहुंचे डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार रात अभिनेता के घर पहुंचकर उनका हालचाल जाना। उन्होंने बताया कि बारूद और शीशे के टुकड़ों की वजह से टाइगर के बाएं हाथ में हल्की चोटें आई हैं। अभिनेता की मां आयशा श्रॉफ इस अचानक हुए हमले के बाद गहरे सदमे में हैं।

उपमुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को सरकार की तरफ से पूरी सुरक्षा और हरसंभव मदद का भरोसा दिया है। इस गोलीबारी के बाद फिल्म जगत की सुरक्षा पर भी सवाल उठने लगे हैं। ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन समेत कई फिल्मी सितारों ने इस घटना पर गहरी चिंता जताई है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News