Mumbai News: मुंबई के जुहू इलाके में रविवार शाम अभिनेता टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाकर बाइक सवार तीन बदमाशों ने फायरिंग की। इस हमले में टाइगर श्रॉफ सुरक्षित हैं, लेकिन उनके ड्राइवर और एक प्रशंसक घायल हो गए हैं। कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े एक सोशल मीडिया पोस्ट में इस हमले की जिम्मेदारी ली गई है।
मुंबई के जुहू इलाके में रविवार शाम हिंदी फिल्मों के अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इस हमले में टाइगर श्रॉफ पूरी तरह सुरक्षित हैं, लेकिन गोलीबारी में उनका ड्राइवर और सड़क पर खड़ा एक प्रशंसक घायल हो गए। घटना के बाद सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े एक व्यक्ति ने पोस्ट साझा कर इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। वहीं, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मामले का संज्ञान लेते हुए मुंबई पुलिस कमिश्नर को तुरंत जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
मुंबई पुलिस के डीसीपी मोहित कुमार गर्ग के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब टाइगर श्रॉफ जुहू में फुटबॉल खेलने के बाद अपनी गाड़ी में बैठकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक पर आए तीन बदमाशों ने उन पर गोलियां चला दीं। डीसीपी ने स्पष्ट किया कि अभिनेता को गोली नहीं लगी है और वह सुरक्षित हैं। इस मामले की जांच के लिए मुंबई पुलिस ने करीब 15 टीमें गठित की हैं और फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाकर शुरुआती जांच शुरू कर दी है।
ड्राइवर और प्रशंसक घायल, अस्पताल में उपचार जारी
डीसीपी मोहित कुमार गर्ग ने बताया कि पुलिस ने फिलहाल यह खुलासा नहीं किया है कि मौके पर कितने राउंड गोलियां चलाई गईं। इस गोलीबारी में दो लोग घायल हुए हैं। टाइगर श्रॉफ के ड्राइवर फिरदौस के बाएं हाथ में चोट आई है, हालांकि वह खतरे से बाहर हैं। वहीं, दूसरे घायल व्यक्ति की पहचान मिस्टर चौहान के रूप में हुई है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस घटना के बाद जुहू इलाके में दहशत फैल गई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्वयं मुंबई पुलिस कमिश्नर से फोन पर बात कर पूरी घटना की जानकारी ली और हमलावरों को जल्द पकड़ने के आदेश दिए हैं।
सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा
इस गोलीबारी के बीच सोशल मीडिया पर एक फेसबुक पोस्ट सामने आया है, जिसमें लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। खुद को लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई बताने वाले अनिल पंडित नाम के व्यक्ति ने फेसबुक पोस्ट में लिखा, “आज ये टाइगर श्रॉफ का काम हुआ है। इसकी जिम्मेदारी मैं अनिल पंडित और हममन संधू लेते हैं। इसको हमने कॉल करके समझाया था, पर इसको बात समझ नहीं आई। इसलिए आज इसको बढ़िया तरीके से समझा दिया और जो भी मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में हमारी बात नहीं सुनेगा या सलमान खान के साथ काम करेगा, अगला नंबर उसका होगा। वेट एंड वॉच।”
उल्लेखनीय है कि अनिल पंडित का नाम इससे पहले जून 2026 में भी चर्चा में आया था। उस समय दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में पंजाबी गायक गुरु रंधावा से जुड़े एक जिम के बाहर फायरिंग हुई थी। उस घटना के बाद भी सोशल मीडिया पर कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ी एक पोस्ट में सलमान खान के साथ संबंधों का हवाला देते हुए गोलीबारी की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था। फिलहाल पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
