Shimla News: हिमाचल प्रदेश में अक्टूबर महीने के दौरान ठंड का असर तेजी से बढ़ रहा है। राज्य के जनजातीय और ऊंचाई वाले इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है। लाहौल-स्पीति के केलांग और कुकुमसेरी में पारा माइनस में दर्ज किया गया है, जबकि शिमला और मनाली में धूप खिलने से मौसम सुहावना बना हुआ है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य में 24 अक्टूबर तक बारिश या बर्फबारी की संभावना नहीं है। इस अवधि में अधिकांश जिलों में मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। दिन में अच्छी धूप खिलने से लोगों को सुहावने मौसम का अहसास होगा, लेकिन जनजातीय क्षेत्रों में रात और सुबह के समय हाड़ कंपाने वाली ठंड का प्रकोप जारी रहेगा।
लाहौल-स्पीति के जिला मुख्यालय केलांग में रविवार को न्यूनतम तापमान माइनस 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। पिछले 24 घंटों में केलांग के तापमान में 0.9 डिग्री की गिरावट आई है। वहीं कुकुमसेरी में पारा माइनस 0.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जिससे जनजातीय क्षेत्रों में अक्टूबर में ही कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है।
जनजातीय और मैदानी क्षेत्रों के तापमान में भारी अंतर
किन्नौर के कल्पा में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री और ताबो में 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान लगातार गिरने से सुबह-शाम ठंड काफी बढ़ गई है। रविवार को राज्य का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.8 डिग्री नीचे रहा। बीते 24 घंटों में कुकुमसेरी में 4.8 मिमी, निचार में 2.3 मिमी और जोत में 1.2 मिमी हल्की बारिश दर्ज की गई।
राजधानी शिमला में रविवार को न्यूनतम तापमान 10.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा सुंदरनगर में 10.8, भुंतर में 7.2, धर्मशाला में 14.2, ऊना में 14.5, नाहन में 13.9, पालमपुर में 10.5, सोलन में 8.8, मनाली में 7.4 और कांगड़ा में 12.4 डिग्री तापमान रहा। मंडी में पारा 14.3, बिलासपुर में 13.0 और जुब्बड़हट्टी में 12.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
प्रदेश के मैदानी इलाकों की बात करें तो पांवटा साहिब में न्यूनतम तापमान 21.0 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं सराहन में 17.8, देहरा गोपीपुर में 14.0, नेरी में 16.1 और बरठीं में 12.7 डिग्री दर्ज हुआ। सैंज में तापमान 8.5, बजौरा में 8.2 और कुफरी में 7.8 डिग्री रहा। मौसम विभाग के मुताबिक 24 अक्टूबर तक प्रदेश में मौसम साफ रहेगा और बर्फबारी के आसार नहीं हैं।
